लखनऊ में इंदिरानगर के तकरोही में बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी सवार चाचा-भतीजे को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ढाई साल के मासूम भतीजे अंशु की मौत हो गई। जबकि चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, ट्रैक्टर-ट्रॉली में फंसकर स्कूटी 100 मीटर तक घिसटती चली गई। स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक की पकड़कर धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। मासूम के पिता वीरेंद्र ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार कुशवाहा के मुताबिक, तकरोही स्थित मायावती कॉलोनी निवासी सुजीत ढाई साल के भतीजे अंशु को आगे बैठाकर स्कूटी में पेट्रोल डलवाने जा रहा था।
कुछ दूरी पर पीछे से आ रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। पुलिस दोनों को लोहिया अस्पताल ले गई, जहां सुजीत को ट्रॉमा रेफर कर दिया। अंशु को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।