फैजाबाद के एक गांव में बुधवार की भोर में बावरिया-बावरिया... का शोर मचा तो लोगों ने एक युवक को पीटकर अधमरा कर दिया गया। थोड़ी देर बाद उसकी उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। मामला कैंट क्षेत्र के गांव कोटसराय के मजरे राजा का पुरवा का है। हमलावरों ने बाद में युवक को पहचाना तो उनके होश उड़ गए।
अब मामले में मृतक की मां ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए गांव के चार लोगों के खिलाफ बावरिया गिरोह का झूठा शोर मचा बेटे की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एक आरोपी को भी घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव कोटसराय के मजरे राजापुर निवासी त्रिलोकी गौड़ का छोटा पुत्र प्रदीप कुमार गौड़ (20) की तबियत काफी दिनों से खराब चल रही थी। उसका इलाज चल रहा था।
रोज की तरह प्रदीप मंगलवार रात अपने घर के सामने चारपाई पर सोया था। बुधवार की भोर वह नित्यक्रिया के लिए उठा और सड़क को पार कर दूसरी ओर रहने वाले गोविंद सिंह के घर के पास पहुंच गया। गोविंद ने बावरिया-बावरिया का शोर मचाना शुरू कर दिया।
इस पर परिवार व आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर निकल आए और युवक पर हमला बोल पिटाई शुरू कर दी। युवक को इतना मारा कि वह मरणासन्न हो गया। बाद में घायल युवक की पहचान गांव के ही प्रदीप के रूप में होने पर हमलावरों के पैरों तले जमीन खिसक गई और भीड़ में शामिल लोग इधर-उधर खिसक गए।
घरवालों ने लगाया ये आरोप
सूचना पर प्रदीप का बड़ा भाई श्रीकिशन मौके पर पहुंचा और घायल प्रदीप को लाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। थोड़ी देर बाद ही घायल गोविंद को भी यही पर भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी पर प्रदीप के परिवारीजन अस्पताल पहुंचे तो हड़कंप मच गया।
पुलिस टीम ने गांव व अस्पताल पहुंच मामले की जांच की है। उपचार के दौरान सुबह 10:30 बजे प्रदीप की मौत हो गई। मौत के बाद परिवारीजनों व नाते-रिश्तेदारों में रोना-पिटना मच गया। पुलिस को दी तहरीर में मृतक प्रदीप की मां केशपती का कहना है कि उनके पति व गांव के गोविंद के बीच डेढ़-दो साल से अदावत चल रही है।
अक्सर गोविंद व उसके परिवार की ओर से मारपीट की जाती थी। बुधवार की भोर इसी अदावत को लेकर गोविंद ने उनके लड़के प्रदीप को बावरिया गिरोह का बदमाश बता घेर लिया और पीट दिया। केशपती का आरोप है कि प्रदीप की हत्या की गई है।
कैंट थाने के प्रभारी निरीक्षक पीएन तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी पर वह पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
उपचार के दौरान घायल युवक प्रदीप की मौत हो गई। मृतक की मां ने गांव के ही गोविंद सिंह समेत शिवशंकर सिंह, नरेंद्र सिंह व शेरू सिंह के खिलाफ पुरानी अदावत के चलते हत्या करने की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोपी ने कहा, हमला होने के बाद मचाया शोर
मृतक प्रदीप की चचेरी भाभी मंजू पत्नी विष्णु गौड़ ने बताया कि लगभग दो वर्ष पहले प्रदीप को तगड़ा बुखार हुआ था। जिसका काफी दिन इलाज चला। इसके चलते प्रदीप की दिमागी हालत बिगड़ गई।
अभी उसका विवाह भी नहीं हुआ था। बुधवार को दिन में 10 बजे के बाद प्रदीप के बड़े भाई का फोन आने के बाद उनको मामले की जानकारी हुई तो महिलाओं के साथ जिला अस्पताल पहुंची। मंजू का कहना है कि प्रदीप का अभी भी इलाज चल रहा था।
बावरिया की आशंका में पिटाई से युवक की मौत के बाद बुधवार को जिला अस्पताल परिसर में परिवारीजनों से जानकारी जुटाती पुलिस। अस्पताल में भर्ती गोविंद सिंह (55) पुत्र राम कुमार सिंह का कहना है कि बुधवार की भोर आहट होने पर उन्होंने आवाज लगाई और पूछा कि कौन है? इसी बीच सामने वाले शख्स ने ईंट का टुकड़ा फेंका जो उनके सिर में लगा और वह घायल हो गये।
हड़बड़ाहट में उन्होंने बावरिया गिरोह के होने की आशंका में शोर मचा दिया तो परिवार के लोग लाठी-डंडे लेकर निकल आये। लोगों ने उनका सिर से खून रिसता देख आपा को दिया और युवक पर हमला बोल दिया। रात का अंधेरा होने के चलते प्रदीप को पहचान नहीं सके और पीट दिया।