लखनऊ। कमीशनखोरी के खेल ने नेपाली बच्चे की जान ले ली। हादसे में घायल हुए मासूम को केजीएमयू के बजाय दलाल ने निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। यहां से दूसरे अस्पताल भेज दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बताया। पीड़ित पिता ने सीएमओ से निजी अस्पताल के खिलाफ लिखित शिकायत की है।
नेपाल के फाटाबंद समिति कंचनपुर निवासी टेक कुंवर के मुताबिक उनका आठ साल का बेटा सड़क हादसे में घायल हो गया था। नेपाल के माया मेट्रो हॉस्पिटल से सोमवार को उसे केजीएमयू रेफर किया गया। हालांकि, बॉर्डर पर मिले दलाल राजू ने अच्छे इलाज का झांसा देकर बच्चे को बालागंज के ईवा अस्पताल में भर्ती करवा दिया।
टेक कुंवर का आरोप है कि रातभर उन्हें बच्चे से मिलने नहीं दिया गया। मंगलवार सुबह डॉक्टरों ने बच्चे की हालत गंभीर बताकर ऑक्सीजन सपोर्ट पर अयोध्या रोड स्थित दूसरे निजी अस्पताल भेज दिया। यहां डॉक्टर ने बच्चे को मृत बताया। इसकी जानकारी मिलते ही चालक एंबुलेंस छोड़कर भाग निकला। उधर, टेक कुंवर काफी देर तक बच्चे का शव लिए एंबुलेंस में बैठे रहे। पुलिस ने उनकी मदद की। इसके बाद टेक कुंवर ने सीएमओ डॉ. एनबी सिंह से ईवा अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत की। नर्सिंग होम के नोडल अफसर डॉ. एपी सिंह ने बताया कि शिकायत की जांच करवाकर अस्पताल के संचालन पर रोक लगाई जाएगी। इसके अलावा दलाल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।
तीमारदारों के आरोप गलत हैं। तीमारदार अपनी मर्जी से बच्चे को डिस्चार्ज कराकर ले गए थे। एंबुलेंस में मरीज की मौत हो गई थी। तीमारदार अपनी मर्जी से अस्पताल में लाकर भर्ती कराया था।
राजू, ईवा हॉस्पिटल