इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा कार्यक्रम
लखनऊ। 19वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों सहित रेलवे के 198 उम्मीदवारों को नियुक्तिपत्र वितरित किए जाएंगे। कुल 312 उम्मीदवारों को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शनिवार को आयोजित होने वाले रोजगार मेला कार्यक्रम में सरकारी सेवा की सौगात मिलेगी।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा 19वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में 51 हजार से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। रोजगार मेला आरंभ किए जाने के बाद से देशभर में अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों के जरिए लगभग 12 लाख नियुक्तिपत्र जारी किए जा चुके हैं। इसी क्रम में 19वां रोजगार मेला लखनऊ सहित देशभर में 47 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। इसमें रेल, गृह, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग आदि सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कार्यभार ग्रहण करेंगे। उत्तर रेलवे प्रशासन की ओर से दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में 445 उम्मीदवारों में से 274 उम्मीदवारों की रेलवे में नियुक्ति हो रही है। अंबाला मंडल में 120 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे, जिसमें 60 उम्मीदवार उत्तर रेलवे में शामिल होंगे। लखनऊ मंडल में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा उपस्थित रहेंगे। लखनऊ केंद्र से कुल 312 उम्मीदवारों को सरकारी सेवा की सौगात मिलेगी, जिनमें से 198 उम्मीदवार भारतीय रेलवे का हिस्सा बनेंगे। ऐसे ही जम्मू डिवीजन में 150 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे, जिनमें से 181 उम्मीदवार रेलवे सेवाओं में अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे।