पंचायत चुनाव के बाद अब जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने की कुंजी इस बार निर्दलीय सदस्यों के पास है। पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरी भाजपा व सपा बहुमत से बहुत दूर है। 65 सदस्यीय सदन में अध्यक्ष पद के लिए ३३ सदस्य अनिवार्य है। लेकिन इस आंकड़े से भाजपा व सपा दोनों बहुत दूर हैं। भाजपा और सपा की ओर से जिला पंचायत चुनाव में प्रत्याशी तो उतारे गए, लेकिन रणनीति में कमी के कारण बहुमत से दोनों बहुत दूर हैं। दोनो दल अभी तक 33 का जादुई आंकड़ा पूरा करने में सफल नही दिख रहे हैं। भाजपा ने दो नामों पर विचार तो करना शुरू किया है, लेकिन इसे लेकर सहमति नहीं बन पा रही है। जिले में अध्यक्ष पद अनारक्षित होने से कई बड़ों के सामने आने की उम्मीद थी, लेकिन परिणाम के बाद लोग कदम पीछे खींच रहे हैं।
भाजपा की ओर से जिला पंचायत चुनाव में साल 1995 से अहम भूमिका निभाने वाले सांसद बृजभूषण शरण सिंह की अनदेखी की गई। जिसका असर चुनाव में भी देखने को मिला। चुनाव में उल्टा दांव पड़ने के बाद भी भाजपा अध्यक्ष के लिए प्रत्याशी तय करने की कसरत में जुटी है। पार्टी के अहम पदाधिकारियों और विधायक, सांसदों के साथ एक गोपनीय बैठक भी हो चुकी है। बैठक में दो नाम सामने आए, जिनमें एक सदस्य ने तो हाथ खड़े कर दिए हैं। दूसरा प्रत्याशी पार्टी के एक खेमे से जुड़ा है इसलिए वह मौन ही है। माना जा रहा है कि पार्टी की ओर से कोई प्रत्याशी तय करने से पहले पार्टी यह भी आंक रही है कि जीत कैैसे मिल सकती है। फिलहाल पार्टी के नेता हुंकार तो भर रहे हैं, लेकिन जीत के आश्वस्त नजर नहीं आ रहे हैं।
पंडित सिंह के न रहने से पड़ेगा असर
अध्यक्ष की कुर्सी के लिए भाजपा व सपा को आमने सामने करने में सांसद बृजभूषण शरण व पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह डटे रहते थे। २०१५ केपंचायत चुनाव में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर पंडित सिंह की बहू श्रद्धा सिंह ने जीत हासिल की थी। उस समय पंडित सिंह अखिलेश यादव सरकार में कृषि मंत्री थे। लेकिन २०१७ में विधानसभा चुनाव में सत्ता गंवाने के बाद पंडित सिंह ने अपनी बहू से इस्तीफा दिला दिया था। इसके बाद सांसद बृजभूषण शरण सिंह की पत्नी पूर्व सांसद केतकी सिंह अध्यक्ष बनीं थीं। लेकिन पंडित सिंह के असमय निधन से पंचायत अध्यक्ष पर सपा की ओर दावेदारी करना कठिन प्रतीत होने लगा है।
जिले सदस्यों की दलीय व निर्दलीय की स्थिति
कुल सदस्यों की संख्या 65
भाजपा 16
सपा 13
बसपा 2
प्रसपा 1
निर्दलीय 33