एलपीजी से भरा तेज रफ्तार टैंकर (कैप्सूल) सरोजनीनगर मोड़ पर शनिवार सुबह अचानक पलटने से अफरा-तफरी मच गई। टैंकर से तेज गैस रिसाव होने लगा। पुलिस व फायर ब्रिगेड पहुंच गई। इसकी सूचना तुरंत अमौसी स्थित इण्डेन गैस बाटलिंग प्लांट के अधिकारियों को दी गई।
मौके पर पहुंचे प्लांट के इंजीनियरों ने कड़ी मशक्कत के बाद गैस बंदकर रिसाव पर काबू पाया। हालांकि फायर ब्रिगेड व पुलिस की सूझबूझ से एक भीषण दुर्घटना होते-होते टल गई। उधर टैंकर पलटने से उसका चालक अताउल्ला (40) केबिन में फंस गया, जिसकी वजह से उसे गंभीर चोटें आईं। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
झारखंड के हजारीबाग निवासी टैंकर चालक अताउल्ला औरैया से कैप्सूल टैंकर ( यूपी 70 एफटी 0077) में करीब 18 टन एलपीजी गैस लेकर सरोजनीनगर के अमौसी स्थित इण्डेन ऑयल के गैस बॉटलिंग प्लांट जा रहा था। तभी कानपुर रोड से बॉटलिंग प्लांट की ओर जाते समय शनिवार सुबह करीब पौने नौ बजे नादरगंज-अमौसी रेलवे स्टेशन रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में आर्यन हॉस्पिटल मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया।
टैंकर पलटते ही उसके सेफ्टी वॉल से तेज गैस रिसाव होने लगा। रिसाव होते ही राहगीरों व आसपास स्थित फैक्ट्रियों में काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। लोग हादसे के डर से इधर-उधर भागने लगे। वहीं पलटे टैंकर को उठाने के लिए चार क्रेनें मंगाई गईं, लेकिन वह टैंकर को नहीं उठा सकीं। बड़ी क्रेन से टैंकर उठाया जा सका। पुलिस के साथ मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय कुमार यादव भी मौके पर पहुंच गए।