मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 के संक्रमण को देखते हुए आईसीयू के बेड बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों में दवाओं व ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर नगर व गोरखपुर में विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने इन जिलों में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग पर जोर दिया है।
मुख्यमंत्री रविवार को अपने आवास पर उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की कोविड संक्रमण का प्रसार रोकने तथा इससे बचाव व उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी जिलों में इनकी सेवाओं को और बेहतर बनाया जाए। इसके लिए उन्होंने मुख्य सचिव को समन्वय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए सतर्कता, बचाव व जागरूकता जरूरी है। इसके लिए प्रमुख स्थानों व चौराहों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम निरंतर एक्टिव मोड में रहें। पब्लिक एड्रेस सिस्टम से यातायात के नियमों के संबंध में भी लोगों को जागरूक करें। बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, मुख्य सचिव आरके तिवारी व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
एकीकृत कोविड-19 पोर्टल एप्लीकेशन लॉन्च
मुख्यमंत्री ने एकीकृत कोविड-19 पोर्टल एप्लीकेशन labreports.upcovid19track.in लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से ऐसी व्यवस्था विकसित की गई है कि टेस्ट करवाने वाला व्यक्ति अपने रजिस्टर्ड मोबाइल फोन नंबर पर ओटीपी प्राप्त करके अपने कोविड-19 टेस्ट के परिणाम को स्वयं देख सकेगा। इसे डाउनलोड भी कर सकेगा। यह एप कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए सरकारी संस्थानों को सहयोग एवं चिकित्सा के लिए लोगों की मदद करने में सहायक होगा।
यूपी में मिले 5809 नए कोरोना पॉजिटिव
covid 19 test
- फोटो : iStock
यूपी में रविवार को 5809 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वहीं 6584 मरीजों को स्वास्थ्य लाभ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है। अब तक कुल 2,83,274 लोगों को डिस्चार्ज किया गया जा चुका है। इस तरह प्रदेश में मरीजों का रिकवरी रेट अब 80 प्रतिशत हो गया है। इस समय प्रदेश में 65,954 एक्टिव मरीज बचे हैं, जबकि 5047 मरीजों की मौत हो चुकी है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि लगातार तीसरे दिन प्रदेश में नए कोरोना मरीजों की संख्या से डिस्चार्ज होने वाले की संख्या ज्यादा रही है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को लखनऊ में 874, कानपुर 394, प्रयागराज 302, गोरखपुर 210, गाजियाबाद 153, वाराणसी 182, नोएडा 125, बरेली 132, मेरठ 230, मुरादाबाद 148, अलीगढ़ 119, झांसी 139, सहारनपुर 59, बाराबंकी 66, देवरिया 39, बलिया 48, अयोध्या 99, शाहजहांपुर 129, आगरा 223, जौनपुर 56, रामपुर 41, कुशीनगर 28, महराजगंज 43, आजमगढ़ 51, लखीमपुर खीरी 70, हरदोई 112, मुजफ्फरनगर 81, गाजीपुर 25, मथुरा 73, इटावा 57, गोंडा 44, बुलंदशहर 67, सीतापुर 33, पीलीभीत 57, बस्ती 38, प्रतापगढ़ 62, उन्नाव 51, सुल्तानपुर 32, सिद्धार्थनगर 26, चंदौली 24, बहराइच 24, बिजनौर 56, मैनपुरी 42, सोनभद्र 29, बदायूं 41, रायबरेली 29, संत कबीरनगर 15, फिरोजाबाद 51, हापुड़ 29, अमरोहा 40, कन्नौज 42, ललितपुर 27, मिर्जापुर 29, मऊ 27, अमेठी 53, शामली 82, फर्रुखाबाद 33, संभल 21, फतेहपुर 26, जालौन 10, औरैया 46, बांदा 45, कानपुर देहात 25, एटा 32, बलरामपुर 51, भदोही 13, कौशांबी 09, अंबेडकरनगर 20, कासगंज 8, बागपत 10, चित्रकूट 30, हमीरपुर 26, श्रावस्ती 7, हाथरस 23 और महोबा में 16 मरीज मिले हैं। वहीं 94 मरीजों की मौत हुई है।