आयकर विभाग ने सत्तारूढ़ दल समाजवादी पार्टी के मनोनीत एमएलसी पद के प्रत्याशी और शालीमार ग्रुप के प्रबंध निदेशक संजय सेठ और पार्टनर खालिद मसूद के लखनऊ समेत तीन अन्य राज्यों की राजधानी के २० ठिकानों पर छापामारी की।
इस छापामारी में शालीमार ग्र्रुप में राजनेताओं की काली कमाई के निवेश का खुलासा हुआ है। आयकर अफसरों ने जांच के दौरान राजनेताओं के करोड़ों रुपए की रकम को कंस्ट्रक्शन कंपनी में लगाए जाने के अभिलेख को जब्त किया है। जांच में काफी नकदी, सोने के गहने एवं लॉकर्स भी मिले हैं।
आयकर विभाग (जांच) इकाई ने गुरुवार को सुबह १० बजे शालीमार ग्रुप के लखनऊ में 14 और कोलकाता, मुंबई एवं दिल्ली में ६ ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय एवं रेवेन्यू इंटेलीजेंस टीम की मौजूदगी में सुबह एक साथ कार्रवाई शुरू जिसकी आधिकारिक पुष्टि कार्यकारी महानिदेशक (जांच) आनंद दीप ने की।
सूत्रों ने बताया कि इस छापामारी के दौरान विक्रमादित्य मार्ग स्थित संजय सेठ एवं पार्टनर खालिद मसूद के घर, बनारस ग्लास हाउस, लालबाग के शालीमार स्क्वायर, गोमतीनगर विभूतिखंड में शालीमार टाइटेनियम बिल्डिंग के ११ वे तल पर जांच शुरू हुई। लालबाग स्थित शालीमार स्क्वायर में संजय सेठ का कार्यालय बंद होने के कारण आयकर टीम को उसके खुलने तक इंतजार करना पड़ा।
आयकर टीम को १० घंटे की जांच में शालीमार ग्रुप में राजनेताओं की निवेश की गई काली कमाई से जुड़ी डायरी एवं अहम दस्तावेज हाथ लगे हैं। इसके अलावा कंस्ट्रक्शन कंपनी से हुई कमाई पर आयकर चोरी किए जाने के भी साक्ष्य मिले जिनको जब्त कर लिया गया है।