जानकारी देते आयकर विभाग के अधिकारी।
लखनऊ। आयकर विभाग के आसूचना एवं आपराधिक अन्वेषण (आईएंडसीआई) प्रकोष्ठ ने करदाताओं को जागरूक करने के लिए शुक्रवार को अशोक मार्ग स्थित आयकर भवन में कार्यक्रम किया। इसमें अचल संपत्ति की खरीद-बिक्री व अन्य वित्तीय लेनदेन की निगरानी और कर अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
विभाग एसएफटी-तीन के तहत बैंक में नकद जमा और निकासी, एसएफटी-पांच के तहत टाइम डिपॉजिट, एसएफटी-आठ के तहत 10 लाख रुपये से अधिक के शेयर आवेदन, एसएफटी-12 के तहत 45 लाख रुपये या अधिक की अचल संपत्ति की खरीद-बिक्री और एसएफटी-13 के तहत दो लाख रुपये से अधिक मूल्य के माल की खरीद-बिक्री पर नजर रख रहा है।
इस दौरान प्रेस वार्ता भी हुई जिसमें आईएंडसीआई की संयुक्त निदेशक सोनल सिंह व संदीप सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष लखनऊ में 46 स्थानों पर स्थलीय सत्यापन किया गया। इससे 4,311 अघोषित लेनदेन उजागर हुए जिनकी कुल राशि 2,747.5 करोड़ रुपये थी। इनमें से 1,714 लेनदेन (राशि 1,160.75 करोड़ रुपये) की रिपोर्टिंग की जा चुकी है। 26,628 संदिग्ध लेनदेन में से 17,487 लेनदेन की राशि 9,293.06 करोड़ रुपये थी। इसका सत्यापन कर संशोधित किया गया।