लखनऊ। महिला पुलिसकर्मियों की नौकरी और पारिवारिक जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए कार्यस्थल पर अनुकूल वातावरण और बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए सोमवार को उप्र पुलिस मुख्यालय में शिशु वाटिका और नारी विश्राम गृह का उद्घाटन किया गया। उप्र पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन और वामा सारथी की अध्यक्ष सेवानिवृत्त आईएएस डिंपल वर्मा ने इसका उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों को नौकरी के साथ पारिवारिक दायित्व भी निभाने होते हैं। ऐसे में जिन महिलाकर्मियों के छोटे बच्चे हैं और घर में उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है, उनकी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस मुख्यालय में शिशु वाटिका एवं नारी विश्राम गृह की शुरुआत की गई है। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार, रेणुका मिश्रा, पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण तिलोत्मा वर्मा, अपर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय आनंद स्वरूप, अपर पुलिस महानिदेशक 112 नीरा रावत, अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अमिताभ यश, अपर पुलिस महानिदेशक के जीएसओ एन. रविंदी, अपर पुलिस महानिदेशक फायर सर्विस पद्मजा चौहान आदि मौजूद रहे।