श्रावस्ती। भिनगा नगर के दहाना स्थित पटेल तिराहे के सौंदर्यीकरण के काम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बन कर तैयार हो चुके पटेल तिराहे के लोकार्पण की तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए उसमें फूल पौधे लगाए जा रहे हैं।
भिनगा सिरसिया मार्ग को लक्ष्मनपुर मार्ग से जोड़ने वाले दहाना के पटेल तिराहे की सूरत बदली जा रही है। एक तरफ जहां तिराहे का सौंदर्यीकरण व उच्चीकरण कराया जा रहा है। वहीं यहां प्रतिमा भी स्थापित की गई है। इसका लोकार्पण इसी माह संभव है। ऐसे में जहां तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं पटेल पार्क को रंग बिरंगे फूलों से सजाने के लिए वहां पौध रोपित किए जा रहे हैं।
इसके लिए ईओ डाॅ. अनीता शुक्ला मंगलवार कर्मचारियों के साथ पटेल तिराहा पहुंची। जहां अपनी मौजूदगी में विभिन्न प्रजाति के फूलों के पौधे रोपित कराया। ईओ ने बताया कि हमारा प्रयास है कि इसी माह इसका लोकार्पण हो जाए। यह तिराहा नगर की खूबसूरती को चार चांद लगाएगा।