नगराम। हरदोईया से दोरिया गांव तक जिला पंचायत की ओर से क्षेत्र के मजरा गांवों को पक्की सड़क से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू किया गया निर्माण कार्य छह माह से अधूरा पड़ा है। इसके कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि छह महीने पहले यहां जिला पंचायत से डामर रोड का निर्माण स्वीकृत किया गया था, मगर ठेकेदार ने सिर्फ पत्थर की गिट्टियां बिछाकर छोड़ दीं। इससे वाहन स्वामियों व पैदल यात्रियों को उधर से गुजरने में काफी परेशानी हो रही है। कई वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। दोरिया निवासी बंशीलाल रावत, हरिहर वर्मा, अजीत वर्मा, हरदोईया निवासी गिरजा शंकर द्विवेदी, अशोक, रामखेलावन यादव सहित अन्य ने बताया कि पिछले छह महीने से लोग परेशानी झेल रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जिपं सदस्य सर्वेश कुमारी ने बताया कि उनके प्रयास से यह काम शुरू किया गया था, लेकिन कुछ दिन बाद ही जिपं अध्यक्ष के विरुद्ध लगे आरोप पर खाता सीज कर देने से धनराशि अवमुक्त नहीं हो पा रही है। इसी वजह से सड़क निर्माण अधर में फंसा हुआ है। धन प्राप्त होने पर पूर्ण कराया जाएगा।