लखनऊ। डिजिटल युग में अब कॅरिअर की कोई भी राह मुश्किल नहीं है। बस आप अपने कॅरिअर के प्रति कितना गंभीर हैं ये मायने रखता है। आज सारा जहां हमारी मुठ्ठी में है और हर अपडेट पल भर में मिल सकती है। ये बातें विशेषज्ञों ने टेडेक्स बीबीएयू के दौरान मंगलवार को कहीं।
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विवि (बीबीएयू) में अमर उजाला मीडिया पार्टनरशिप के साथ आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को अलग-अलग कॅरिअर के बारे में बताया गया। यूट्यूबर और विशेषज्ञ अमरेश भारती ने कंटेंट क्रिएशन की शक्ति को समझाते हुए बताया कि कैसे यूट्यूब युवाओं के लिए न सिर्फ एक मंच, बल्कि एक संपूर्ण कॅरिअर बन सकता है।
यूट्यूबर और विशेषज्ञ रोहित वैदवान ने डिजिटल शिक्षा की बात करते हुए सरकारी परीक्षा की तैयारी को आसान और सुलभ बनाने के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा, मैंने बचपन से अमर उजाला अखबार में प्रकाशित लेखों को पढ़कर जीवन के सिद्धांत को समझा है।
छात्रों ने जाना उद्यमिता और वित्तीय सशक्तीकरण
राशेद काजी ने सरल भाषा में स्टार्टअप और निवेश की दुनिया को समझाते हुए युवाओं को फाइनेंशियल आजादी की ओर प्रेरित किया। प्रियांक भारद्वाज ने व्यवसाय को 7-फिगर ब्रांड में बदलने की रणनीतियां साझा कीं।
इन्होंने ने भी दिए टिप्स
भावना गोविल, ऑप्रज शर्मा, सूरज शर्मा, डॉ. पार्थ गोयल, करिश्मा शेट्टी, रक्तिम सिंह, सौम्या सिंह, मयूरी अग्रवाल, कुणाल नाइक, श्रेय शर्मा, चंदन मिश्रा, कैप्टन राजश्री ने भी छात्रों को कॅरिअर के टिप्स दिए। कार्यक्रम का संचालन लखन ने किया।