मलिहाबाद सड़क हादसे में छतिग्रस्त हुयी कार
- फोटो : LKO CITY
मलिहाबाद। हरदोई की तरफ से लखनऊ जा रही एक अनियंत्रित कार ने स्कूल जा रही दो छात्राओं को टक्कर मार दी जिससे दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद कार डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चालक व उसके पिता भी मामूली रूप से चोटिल हो गए।
प्रभारी निरीक्षक चिरंजीव मोहन ने बताया कि हरदोई निवासी राजीव अग्रवाल अपने पिता रजत अग्रवाल को इलाज के लिए लखनऊ ले जा रहे थे। तभी सोमवार सुबह करीब दस बजे के आसपास लखनऊ-हरदोई राज्य मार्ग पर स्थित नजर नगर गांव की मोड़ के पास सड़क पर एक निजी बस खड़ी थी। अचानक से सामने खड़ी बस दिखने पर कार चालक का कार से नियंत्रण हट गया और खड़ी बस के सामने से सड़क पार कर रही कक्षा 6 की छात्रा मानसी (15) पुत्री कमलेश यादव, रिया (13) निवासी नजर नगर को टक्कर मार दी।
कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों छात्राओं के पैर व सिर में गम्भीर चोटें आई हैं। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां से डॉक्टरों ने उन्हें बलरामपुर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां दोनों की हालत में सुधार है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि चालक व उसके पिता को भी मामूली चोटें आई हैं। क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।