लखनऊ। आलमबाग इलाके में शनिवार को सवारियों से भरी रोडवेज बस का ब्रेक फेल होने से मवैया में रेलवे पुल की दीवार से टकरा गई। हादसे में 15 यात्रियों को मामूली चोटें आईं हैं।
आलमबाग बस अड्डे से शनिवार को अवध डिपो की एक बस सवारियां भरकर आजमगढ़ के लिए रवाना हुई। कुछ दूर जाने के बाद ही मवैया में बस अनियंत्रित होकर रेलवे पुल की दीवार से टकरा गई। हादसे से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस पर आसपास के लोग दौड़ पड़े और यात्रियों को बस से बाहर निकाला। दुर्घटना में 15 यात्रियों को चोटें आई हैं। इनमें से तीन को अधिक चोटें आने के कारण ट्रामा सेंटर भेजा गया है। जबकि हादसे के बाद बस का चालक और परिचालक मौके से भाग निकले। बताया जा रहा है कि हादसा बस के ब्रेक फेल होने से हुआ है। वहीं, बस के कुछ यात्रियों ने कहा कि चालक ने शराब पी रखी थी, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
सूचना पर आलमबाग कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को ट्रामा सेंटर भेजने में मदद की। पुलिस का कहना है कि बस को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।