मलिहाबाद। क्षेत्र की भतोइया बाजार से घर जा रहे बाइक सवार पिता-पुत्र को तेज रफ्तार कार ने साइड से टक्कर मार दी जिससे दोनों बाइक सहित सड़क पर गिर गए तभी पीछे से आ रही एक निजी बस ने बीच सड़क पर गिरे युवक को रौंद दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई और उसके पिता गम्भीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर रहिमाबाद चौकी पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को गिरफ्तार कर बस को कब्जे में ले लिया और घायल को सीएचसी में भर्ती कराया।
प्रभारी निरीक्षक चिरंजीव मोहन ने बताया कि क्षेत्र के बेलवा गांव निवासी पिंटू बृजवासी (30) अपने पिता कैलाश के साथ बाइक से भतोईया बाजार सब्जी खरीदने आया था। दिन में तीन बजे वे दोनों अपने घर वापस जा रहे थे। जैसे ही दोनों लखनऊ-हरदोई मार्ग पर पहुंचे तभी लखनऊ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उन्हें टक्कर मार दी। वे रोड पर गिर गए, उसी दौरान हरदोई की तरफ जा रही निजी बस ने सड़क पर गिरे पिन्टू को रौंद दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पिता को सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां से डॉक्टरों ने उन्हें बलरामपुर अस्पताल रेफर कर दिया है। मृतक के परिवार में पत्नी सीता व दो बेटियां हैं।