रायबरेली। तहसील क्षेत्र के धूता ग्राम पंचायत में 37 साल पहले आवंटित खेल मैदान की जमीन दिनप्रतिदिन कम होती जा रही है। राजस्व कर्मियों की लापरवाही से भूमि को राजस्व अभिलेखों में पांच बीघे की जगह एक बीघे कर दिया गया है। जाहिर है कि तहसील कर्मियों और भू माफिया की मिलीभगत से ही यह सब हुआ होगा। शिकायत के बाद मुख्य सचिव ने जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
धूता ग्राम पंचायत में वर्ष 1986 में युवाओं को खेलकूद के लिए पांच बीघे भूमि युवक मंगल दल (खेल मैदान) के लिए आवंटित की गई थी। गाटा संख्या 33च है, लेकिन किसी ने राजस्व कर्मियों की सांठगांठ से जमीन का रकबा कम करा दिया। वर्तमान खतौनी में उसका रकबा महज एक बीघे दर्ज है। इसकी जानकारी होने पर पूरे ठकुराइन मजरे धूता गांव के तेज प्रताप सिंह ने मुख्य सचिव से गुहार लगाई। शिकायत मिलने के बाद मुख्य सचिव ने डीएम को कार्रवाई करने का निर्देश दिए हैं। एसडीएम सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।