यूपी बोर्ड की परीक्षा में शिक्षा माफिया पर नकेल कसने के लिए शुरू की गई ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था के तहत इस वर्ष कक्षा नौ व 11 के छात्रों का ब्यौरा एक अक्तूबर 2014 को रात 12 बजे तक भरा जा सकेगा।
सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद शकुंतला यादव ने इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश भेज दिया है।
उनसे कहा गया है कि परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकेगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद कक्षा 10 व 12 में यूपी बोर्ड की परीक्षा आयोजित कराता है।
शिक्षा माफिया अधिक छात्र संख्या दिखाकर मनमाने तरीके से छात्रों का बोर्ड परीक्षा फार्म भरने के बाद नकल का ठेका लेते हैं।
इस पर रोक लगाने के लिए परिषद ने एक साल पहले कक्षा नौ और 11 में दाखिला लेने वाले छात्रों के ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था अनिवार्य कर दी है।
ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले छात्र को ही बोर्ड परीक्षा फार्म भरने की अनुमति दी जाती है।
सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेजे निर्देश में कहा है कि कक्षा नौ व 11 में दाखिला लेने वाले छात्रों का ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया गया है।
जिलेवार स्कूल के प्रधानाचार्य विभाग की वेबसाइट खोलकर ऑनलाइन पंजीकरण एक अक्तूबर की रात 12 बजे तक कर सकते हैं।
ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले छात्रों को ही अगले वर्ष बोर्ड परीक्षा में बैठने की अनुमति मिलेगी।