लखनऊ। चिनहट के शिवपुरी उपकेंद्र इलाके के पपनामऊ में प्रॉपर्टी डीलर ने बिजली महकमे के कुछ इंजीनियरों की सांठगांठ से 10 खंभे की जो लाइन बनवाई थी, उसकी जांच शुरू हो गई है। शनिवार को अधीक्षण अभियंता नवीन कुमार ने प्लॉटिंग एरिया के निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से बनी लाइन के खंभे व एबीसी तारों को जब्त कर लिया। उधर, जेई ने प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ बिजली थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
अमर उजाला ने शनिवार को एस्टीमेट के लाखों हजम, 10 खंभे की बना दी नई लाइन शीर्षक से खबर को छापकर खंडीय कार्यालय से उपकेंद्र तक व्याप्त भ्रष्टाचार का खुलासा किया था। खबर को महकमे के शीर्ष प्रबंधन ने संज्ञान लिया और तत्काल जांच रिपोर्ट मांगी। मुख्य अभियंता सुशील गर्ग के निर्देश पर तत्काल घटना स्थल पर जांच कराई गई।
इलाकाई अधिशासी अभियंता एपी सिंह ने बताया कि जांच में एलटी लाइन अवैध रूप से बनाने का खुलासा हुआ। हाईटेंशन लाइन भी अवैध रूप से शिफ्ट की गई थी। मौके पर ही कर्मियों को बुलाकर प्लॉटिंग एरिया में लगे खंभों को हटवाकर एबीसी जब्त कर लिया गया। अभियंता ने दावा किया कि खंभे व एबीसी बिजली महकमे की सामग्री नहीं है।
जेई कर रहा लीपापोती, मालखाने वाले मौन
अवैध रूप से बिजली लाइन बनाने की जांच कम, लीपापोती ज्यादा की जा रही है। जेई वरुण पटेल ने धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराने के लिए चिनहट कोतवाली के बजाय अपट्राॅन पुलिस चौकी में तहरीर दी। जबकि यह रिपोर्टिंग पुलिस चौकी तक नहीं है। यहां पर तहरीर देने का मकसद मामला ठंडे बस्ते में डालना है। जिस थाने में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज होता है, वहां प्रॉपर्टी डीलर पर एफआईआर कराई गई है।
Iअवैध रूप से बिजली लाइन बनाने की तीन सदस्यीय कमेटी जांच करेगी। इसमें अधीक्षण अभियंता प्रेमलता सिंह, अधिशासी अभियंता चंद्रशेखर, लेखाकार बिलाल शामिल हैं, जो सात दिन के भीतर रिपोर्ट देंगे।
I
I
सुशील गर्ग, मुख्य अभियंता गोमतीनगर जोनI