अवैध ड्रैगन मॉल पर चला एलडीए का हथौड़ा
लालबाग गर्ल्स कालेज में हॉस्टल की जगह बने ड्रैगन मॉल को एलडीए ने बृहस्पतिवार को ढहा दिया। अधिकारियों का कहना है कि अब केवल दूसरे मकानों से सटा कुछ निर्माण ही बचा है।
हाईकोर्ट से याचिका निरस्त होने के बाद एलडीए ने रविवार से दोबारा बिल्डिंग को तोड़ना शुरू किया था। मो. सलीम ने इस मॉल का निर्माण एलडीए से स्वीकृत मानचित्र के विपरीत कराया था।
अधिशासी अभियंता कमलजीत सिंह ने बताया कि एलडीए ने कार्रवाई पूरी कर दी है। इससे पहले हाईकोर्ट में याचिका के बाद दो दिन बाद कार्रवाई रोकी गई थी। इधर, भी चार दिन एलडीए ने मैन्युअल ड्रिल मशीन और जेसीबी से निर्माण को तोड़ा।
शादी-विवाह के कार्यक्रम करा रहा था बिल्डर
एलडीए अधिकारियों ने बताया कि मॉल के कुछ भाग में ही व्यावसायिक दुकानें खुली थीं। बाकी के भाग को बिल्डर शादियां-विवाह के कार्यक्रम कराने के लिए उपयोग कर रहा था। कार्रवाई के समय भी कुछ लोग बुकिंग की जानकारी लेने पहुंचे थे।
अवैध निर्माण होने देने में कुछ अधिकारी भी दोषी
अवैध ड्रैगन मॉल के निर्माण और इसका व्यावसायिक उपयोग कराने में एलडीए के कुछ अधिकारियों की भी साठगांठ रही। एक अधिकारी ने तो अवैध निर्माण के खिलाफ शुरू हुई कार्रवाई को ही खत्म कर दिया था। इसके चलते बिल्डर को निर्माण पूरा करने का मौका मिल गया। इसके बाद एलडीए को दोबारा नोटिस देकर सील और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करनी पड़ी।
चलती रहेगी कार्रवाई
डीएम व एलडीए वीसी अभिषेक प्रकाश ने बताया कि ड्रैगन मॉल का अवैध निर्माण तोड़ दिया गया है। एलडीए व प्रशासन का यह अभियान चलता रहेगा। अवैध निर्माण के अलावा भू-माफिय को लेकर भी कार्रवाई चालू है। सभी ऐसे अवैध निर्माण या कब्जे तोड़े जाएंगे, जिनके संबंध माफिया के साथ हैं।