महानगर की काला कांकर कॉलोनी की समस्या दूर करने को लेकर नगर निगम कार्रवाई करने की तैयारी में है। शनिवार सुबह नगर आयुक्त अजय द्विवेदी ने टीम के साथ एक बार फिर कॉलोनी के पीछे नाले पर अतिक्रमण का जायजा लिया।
पुलिस लाइन की ओर पुलिया पर स्कूल के अतिक्रमण का भी नगर जायजा लिया। उन्होंने नाले पर गोमती बांध रोड और पुलिस लाइन की ओेर पुलिया के पास से रास्ता चालू कराने के लिए बीच में आ रहे पक्के निर्माण तोड़ने के निर्देश दिए।
ताकि कॉलोनी व नाले के बीच गेट लगवाने का काम चालू हो सके। बताया जा रहा है कि रविवार को पुलिया के पास निजी स्कूल का पक्का निर्माण तोड़ा जाएगा।
काला कांकर कॉलोनी के लोगों की समस्या दूर कराने को लेकर पिछले दिनों नगर आयुक्त ने कॉलोनी व नाले पर रहने वाले लोगों से अलग-अलग बातचीत की थी।
इसमें कॉलोनी व नाले के बीच गेट लगवाने पर सहमति बनी थी। मगर उससे पहले नाले पर रहने वाले लोगों के लिए गोमती बांध रोड व पुलिस लाइन पुलिया के पास से रास्ता बनाने के नगर आयुक्त के निर्देश दिए थे।
इसे लेकर नगर निगम ने पुलिया के पास नाले पर कब्जा करकेे पक्का निर्माण कराने वाले यूनिवर्सल गर्ल्स पब्लिक स्कूल को नोटिस जारी किया था। इसमें सात दिन में अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई थी।
इस पर स्कूल की ओर से लक्ष्मी दीक्षित के अधिवक्ता ने हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर निगम के नोटिस के खिलाफ याचिका दायर की थी।
बृहस्पतिवार को हाईकोर्ट ने नगर निगम का पक्ष सुनने के बाद याचिका निस्तारित कर दी। इसमें स्कूल को कोई राहत नहीं मिली। हाईकोर्ट ने अपने आदेश में नगर निगम को स्कूल का पक्ष सुनकर न्यायोचित कार्रवाई करने को कहा था।
इसी क्रम में शनिवार सुबह नगर आयुक्त अजय द्विवेदी, अपर नगर आयुक्त अर्चना द्विवेदी व अपर नगर आयुक्त अमित कुमार अपनी पूरी टीम के साथ काला कांकर कॉलोनी पहुंचे।
उन्होंने कॉलोनी के पीछे से गोमती बांध रोड तक का जायजा लेकर रास्ता बनाने के लिए कई पक्के निर्माण तोड़ने के निर्देश दिए।
इसके बाद नगर आयुक्त का काफिला यूनिवर्सल गर्ल्स पब्लिक स्कूल के पास पहुंचा। यहां भी नगर आयुक्त ने नाले पर अतिक्रमण का जायजा लिया और पक्का निर्माण तोड़कर रास्ता तैयार कराने के मातहतों को निर्देश दिए।
कार्रवाई के लिए अपर नगर आयुक्त अमित कुमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि पक्के निर्माण इस तरह से तोड़ें जाएं कि संबंधित लोगों का कम से कम नुकसान हो।
काला कांकर कॉलोनी के प्रो. केडी सिंह, सोनल अरोरा, अंजलि शर्मा, जय अरोरा समेत कुछ लोगों ने यहां नगर आयुक्त से बातचीत की। इस पर उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि धैर्य रखिए, आप लोगों की परेशानी दूर कराने की ही तैयारी कर रहा हूं।
इस दौरान नगर निगम के मुख्य अभियंता महेश शर्मा, जोनल अधिकारी (जोन चार) सुजीत श्रीवास्तव, नगर अभियंता (जोन चार) सुरेश मिश्र आदि मौजूद रहे।
कम से कम निर्माण तोड़ने की अपील
कॉल्विन कॉलेज वार्ड की पार्षद विनीता सिंह के पति मनोज सिंह ने बताया कि नाले पर रहने वाले अधिकतर लोग खुद ही अपने पक्के निर्माण तोड़ने को तैयार हैं। जो राजी नहीं हैं, उनके निर्माण तोड़े जाएंगे। उन्होंने नगर आयुक्त से मांग की है कि कम से कम पक्के निर्माण तोड़े जाएं। ताकि बारिश में नाले पर रहने वाले परिवारों को ज्यादा परेशानी न हो। ये भी मांग की, जिनका पूरा मकान तोड़ा जाए उन्हें तत्काल किसी सरकारी योजना के तहत पक्का मकान मुहैया कराया जाए। गेट लगवाने का काम भी जल्द शुरू कराने की मांग की।
कॉलोनी वालों ने पीएम-सीएम को किए ट्वीट
कॉलोनी के बुजुर्ग, महिलाओं व लड़कियों ने परेशानी बयां करते हुए वीडियो बनाकर शुक्रवार रात व शनिवार सुबह पीएम, सीएम व उच्चाधिकारियों को ट्वीट किए हैं। कॉलोनी की सोनल अरोरा, चंद्रशेखर शर्मा, यशी श्रीवास्तव, कार्तिक, कृष्ण अवतार मिश्र, मंजुला व आरपी श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री, पुलिस कमिश्नर, नगर आयुक्त, जिला प्रशासन को वीडियो ट्वीट किए हैं। इनमें बुजुर्गों व महिलाओं ने अतिक्रमण से परेशानी का जिक्र करते हुए सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नाले की ओर दीवार का निर्माण कराने की मांग की है।
कॉलोनी के एक परिवार का पलायन
नाले पर अतिक्रमण के चलते अराजकता से परेशान एक परिवार ने शनिवार को मकान छोड़ दिया। कॉलोनी निवासी संजय अग्रवाल शनिवार को सारा सामान ट्रक पर लोड कराकर परिवार समेत यहां से चले गए। बताया कि उन्होंने अमीनाबाद के पास मॉडल हाउस में मकान लिया है।
कार्रवाई से नाले वाले दहशत में, मुस्तैद रही फोर्स
कार्रवाई शुरू होने से अतिक्रमण कर रह रहे परिवारों में दहशत है। इन लोगों ने नगर आयुक्त से मांग की है कि कम से कम निर्माण ही तोड़े जाएं। वहीं, विरोध व हंगामे की आशंका के चलते शनिवार को इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह पुलिस व पीएसी के जवानों संग पूरे दिन कॉलोनी में मुस्तैद रहे।