लखनऊ। काकोरी में राजस्व व नगर पंचायत की टीम ने बृहस्पतिवार को पुलिस की मौजूदगी में बंजर जमीन का सीमांकन किया। यहां हुए अवैध निर्माण को जेसीबी से तोड़ दिया। निर्माण करा रही महिला ने इसका विरोध करते हुए नाराजगी जताई।
विज्ञापन
नगर पंचायत के शेख सादी मोहल्ला वार्ड के फूलबाग मोहल्ले में जल जीवन मिशन के तहत पानी की नई टंकी का निर्माण किया जा रहा है। राजस्व टीम ने इसके लिए जमीन की तलाश की। इस दौरान बंजर जमीन पर कब्जा पाया गया। इस पर प्लॉट की खरीद-फरोख्त भी की गई। राजस्व टीम ने कब्जेदारों को चेतावनी भी दी।
नायाब तहसीलदार जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में बंजर भूमि का सीमांकन किया। इस दौरान पाए गए अवैध निर्माण को तोड़ दिया गया। इसका विरोध करते हुए तन्नो ने बताया कि यह जमीन प्रॉपर्टी डीलर से दो वर्ष पहले खरीदी है। उनके पास रजिस्ट्री भी है। इस पर टीम ने कहा कि उन्हें प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।