पूर्व डीजी होमगार्ड का अवैध कॉम्प्लेक्स सील
पूर्व डीजी होमगार्ड सूर्य कुमार शुक्ला के पत्रकारपुरम चौराहे पर अवैध कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स को एलडीए ने बुधवार को सील कर दिया। शुक्ला ने आवासीय भूखंड पर कॉम्प्लेक्स बनाया है। एलडीए ने पूर्व में भी निर्माण को रुकवाया, लेकिन शुक्ला की ओर से लगातार घर बनवाने की बात कही गई।
गोमतीनगर के विरामखंड में भूखंड 1/99 पर यह अवैध निर्माण हुआ है। अप्रैल 2018 में शासन में प्रमुख पद पर बैठे एक ब्यूरोक्रेट की आपत्ति पर काम रुकवाया गया। इसके बाद एलडीए से अलग-अलग तारीख में चार नोटिस देकर पूर्व आईपीएस को काम रुकवाने के लिए कहा, लेकिन निर्माण लगातार चलता रहा। इसे सील करने के आदेश 21 जून को दिए गए, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई। सील करने के बाद निर्माण पुलिस की अभिरक्षा में दे दिया गया है, जिससे आगे काम न हो सके। हालांकि, बिल्डिंग का सिविल वर्क लगभग पूरा हो चुका है। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि कार्रवाई में इतनी देरी क्यों की गई? रुकवाने के बाद करीब 14 महीने तक काम चलता रहा। इसके बाद सीलिंग हो सकी है।
कार्रवाई के बीच जमा हुआ शमन मानचित्र
एक ओर एलडीए पूर्व आईपीएस का अवैध निर्माण सील करने की कार्रवाई कर रहा था तो दूसरी ओर इसका शमन करने को प्राधिकरण में मानचित्र दाखिल करा दिया गया। अब खुद विहित प्राधिकारी पीसी पांडेय ने दो सप्ताह में शमन मानचित्र का निस्तारण करने के लिए जोन-1 के अधिशाषी अभियंता भूपेंद्र बीर सिंह को कहा है।
भाजपा जॉइन कर चुके हैं शुक्ला
पूर्व आईपीएस अफसर सूर्य कुमार शुक्ला सेवानिवृत्ति के बाद भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं। रिटायरमेंट से ठीक पहले वह मुख्यमंत्री से भी मिले थे। इस दौरान एक पत्र देकर उन्होंने आयोगों में खाली पदों पर कहीं खुद को अध्यक्ष बनाने की मांग की थी। साथ ही लोकसभा चुनाव में भाजपा का चुनाव प्रचार करने की इच्छा भी जताई थी। सेवानिवृत्ति से पहले ही उन्हें होमगार्ड भर्ती में गड़बड़ी के आरोप पर नोटिस भी दिया गया। इससे वह चर्चा में रहे।
...इधर, कोर्ट की सख्ती पर कॉम्प्लेक्स सील
एलडीए के जोन-1 के अवर अभियंता नरेंद्र सिंह, राजीव मिश्रा की टीम ने विक्रांतखंड में भी भूखंड 1/9 पर बने व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स को सील कर दिया। आवासीय भूखंड पर यह निर्माण व्यवसायी प्रमोद मिश्रा ने किया है। सच्चिदानंद गुप्ता ने हाईकोर्ट में याचिका कर इसकी शिकायत की। कोर्ट की सख्ती के बाद में एलडीए ने निर्माण सील किया।