लखनऊ। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन और उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के बीच बुधवार को एमओयू हुआ। कुशल मानवशक्ति को सीधे एमएसएमई से जोड़ने के उद्देश्य से यह करार किया गया।
इस संबंध में गोमतीनगर स्थित आईआईए भवन में हुई बैठक की अध्यक्षता आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल और कौशल विकास मिशन के निदेशक पुलकित खरे ने की।
दिनेश गोयल ने कहा कि कुशल मानवशक्ति की उपलब्धता एमएसएमई के विकास की रीढ़ है, जो सीधे तौर पर उत्पाद की गुणवत्ता, लागत दक्षता और प्रतिस्पर्धा को प्रभावित करती है। औपचारिक शिक्षा के बाद कौशल विकास, रोजगार योग्यता और उद्यमिता विकास के लिए प्रमुख मापदंड बनना चाहिए। पुलकित खरे ने अपनी योजनाओं को उद्योग की जरूरतों के मुताबिक बनाने और उनके प्रभावी कार्यान्वयन को सरल बनाने में सहयोग का भरोसा दिया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने सहयोग को मज़बूत बनाने के लिए मासिक समीक्षा बैठकों का प्रस्ताव रखा। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अवधेश अग्रवाल ने आयोजन का समापन किया।