लखनऊ। आईपीएल में सबसे निचले पायदान पर मौजूद लखनऊ और मुंबई ने प्लेऑफ का दावा ठोक रही दूसरी टीमों का समीकरण बिगाड़ना शुरू कर दिया है। 14 मई को सबसे पहले मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को छह विकेट से हराकर तगड़ा झटका दिया। अगले ही दिन लखनऊ सुपरजायंट्स ने चेन्नई की चुनौती को सात विकेट से तोड़ा। दसवें पायदान पर फिसल चुकी लखनऊ को 19 मई को जयपुर में राजस्थान और फिर अपने घरेलू मैदान में 23 मई को पंजाब किंग्स का सामना करना है। लगातार दो जीत दर्ज करने के बाद लखनऊ की टीम लय में है। अगर टीम बचे हुए दोनों मुकाबलो में जीत दर्ज करने में सफल रही तो अंक तालिका में कुछ ऊपर चढ़ सकती है। ऐसे में बचे हुए दोनों ही मुकाबलों में लखनऊ सुपरजायंट्स के सामने सम्मान बचाने की चुनौती होगी।
घरेलू मैदान में बंगलूरू और चेन्नई के खिलाफ मिली जीत से बढ़ा हौसला
पिछले दो सत्रों को मिलाकर घरेलू मैदान में आठ हार का सामना करने वाली लखनऊ सुपरजायंट्स को इकाना स्टेडियम की पिच अब भाने लगी है। बंगलूरू और चेन्नई के खिलाफ मिली जीत में लखनऊ की टीम ने एकजुट खेल का प्रदर्शन किया है। खासतौर पर टीम की बल्लेबाजी की खामियां दूर होती दिख रही है। हालांकि इस प्रदर्शन का श्रेय ओवरसीज बल्लेबाज मिचेल मार्श को जाता है, जिन्होंने दोनों मुकाबलों में क्रमश: 111 और 90 रनों की तूफानी पारियां खेली। इसके अलावा गेंदबाजों ने भी अहम मौकों पर विकेट चटकाकर अपना योगदान दिया। पिछले मैच में आकाश सिंह का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।
प्रदर्शन से बहुत खुश हूं : आकाश सिंह
लखनऊ। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकाश सिंह को चेन्नई के खिलाफ इस सीजन पहली बार खेलने का मौका मिला था। उन्होंने इसका बखूबी फायदा उठाया। सीजन के पहले ही मुकाबले में उन्होंने धारदार गेंदबाजी की और पावरप्ले में ही सीएसके के शीर्ष क्रम की कमर तोड़ दी। उन्होंने संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ के बड़े विकेट निकाले। चेपॉक में आतिशी पारी खेलकर लखनऊ को हार थमाने वाले उर्विल पटेल भी आकाश के आगे बेबस नजर आए। आकाश ने उन्हें भी पवेलियन का रास्ता दिखाया।
g मैच के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा 11 मैचों के लंबे इंतजार के बाद पहले मुकाबले में अहम विकेट चटकाकर बहुत खुश हूं। मुझे पिछले कुछ मैचों से अंतिम एकादश में शामिल किए जाने के संकेत मिल रहे थे। पहले जहीर सर और अब भरत सर ने मेरे ऊपर काफी भरोसा जताया है। लैंगर और मूडी ने भी हमेशा मेरा साथ दिया है।
g जब कोई खिलाड़ी नहीं खेल रहा होता है तब ही उसे सबसे अधिक सपोर्ट चाहिए होता है और मेरे साथ यह काफी अच्छे से हुआ है। विकेट लेने पर अनोखे अंदाज में जश्न के बाबत पूछे गए प्रश्न के जवाब में आकाश ने कहा कि यह मेरे लिए एक प्रेरणा का काम करता है। इसका कुछ और मतलब नहीं है। मैं वही काम करता हूं जिससे मैदान में जाकर मैं दबदबा बना सकूं।
मिचेल मार्श और राजेश सिंह