लखनऊ। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने मंगलवार को यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की पैकिंग की व्यवस्था परखी। अलग-अलग केंद्रों पर निरीक्षण के दौरान डीआईओएस ने कहा कि उत्तर पुस्तिकाओं का सही से रखरखाव करें। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं की अच्छे से पैकिंग करें। कोई गड़बड़ी होती है तो इसके लिए केंद्र व्यस्थापक जिम्मेदार होगा।
डीआईओएस ने मंगलवार को गोसाईगंज स्थित रामपाल त्रिवेदी इंटर कॉलेज में सादी उत्तर पुस्तिकाओं का रखरखाव देखा। इसके बाद सीपीएल इंटर कॉलेज में परीक्षा के बाद कापियों की पैकिंग का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने करीब आधा दर्जन केंद्रों का निरीक्षण किया।
3680 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा-बॉक्स
बोर्ड परीक्षा की दोनों पालियों में 67347 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 3680 परीक्षार्थियों ने परीक्षा नहीं दी। मंगलवार को पहली पाली में हाईस्कूल में विज्ञान, इंटरमीडिएट में पाली, अरबी, फारसी और लेखाशास्त्र का प्रश्न पत्र था, जबकि दूसरी पाली में हाईस्कूल में कृषि और 12वीं में अर्थशास्त्र का पेपर था।
विज्ञान में कठिन रहा पेपर
हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थी सुमित पाल, राहुल वर्मा, अनिकेत चौहान ने बताया कि विज्ञान का पेपर कठिन था। कुछ सवाल हल ही नहीं कर पाए। उन्होंने कहा जिसने अच्छे से तैयारी नहीं की होगी वह पूरा पेपर नहीं हल कर पाया होगा।