लखनऊ। एक देश एक चुनाव की व्यवस्था लागू हो तो भारत भी विकसित देश की श्रेणी में आ सकता है, क्योंकि इस व्यवस्था के लागू होने से चुनावी खर्चे की बचत होगी, जिससे देश की जीडीपी 1.5 प्रतिशत की दर से बढ़ सकती है, जो अभी आठ प्रतिशत के करीब है। 10 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर हासिल होते ही भारत विकसित देशों की श्रेणी में जा खड़ा होगा। ये बातें देश के पूर्व राष्ट्रपति और वन नेशन वन इलेक्शन की हाई लेवल कमेटी के चेयरमैन रामनाथ कोविंद ने कहीं।
चौक के अटल कन्वेंशन सेंटर में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारी महाकुंभ में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि हर राज्य में लोकसभा, विधानसभा, स्थानीय निकाय और पंचायत समेत चार चक्रों में चुनाव होते हैं। ऐसे में हर चुनाव में करीब 4-6 महीने तक आचार संहिता लागू रहती है। इससे पांच साल की किसी भी सरकार के डेढ़ साल सिर्फ चुनाव में ही निकल जाते हैं और विकास कार्यों के लिए सिर्फ साढ़े तीन साल ही मिलते हैं। 20 साल का आंकड़ा देखें तो छह साल चुनाव या आचार संहिता में ही निकल जाते हैं। पांच साल के लिए चुनी गई किसी सांविधानिक सरकार का प्रदेश की जनता के प्रति यह अन्याय है।
देश की विकास यात्रा को दर्शाते हुए उन्होंने कहा कि 15 साल में देश का विदेशों में सम्मान बढ़ा है। मेरा 34 देशों में जाना हुआ, जहां अनेक देशों में खुद राष्ट्रपति स्वागत के लिए एयरपोर्ट तक आए। भारत की आवाज न सिर्फ सुनी जाती है, बल्कि बुलंदगी के साथ स्वीकार भी की जाती है। व्यापारी समाज की भूमिका को सराहते हुए पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि भामाशाह से लेकर कोरोना काल तक जब भी जरूरत पड़ी, समाजहित के लिए व्यापारी वर्ग आगे आया है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश की आर्थिक तरक्की पर भी संतोष जताया और कहा कि प्रदेश आर्थिक विकास यात्रा का इंजन बन रहा है। संगठन के संस्थापक व सांसद रहे स्वर्गीय श्याम बिहारी मिश्रा को भी याद किया। विशिष्ट अतिथि व गुजरात से आए व्यापारी कल्याण बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंघी ने कहा कि पीएम मोदी ने 12 लाख तक की आयकर छूट देकर छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत दी है।
विशिष्ट अतिथि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुकुंद मिश्रा के नेतृत्व में व्यापारियों के सम्मान में खड़ा संगठन आज जिला और तहसील स्तर पर पहुंच गया है। प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने आभार जताया। संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. दिलीप सेठ व राजेंद्र गुप्ता ने किया।