दिल्ली सरकार की ओर से बिजली दर में कमी करने के बाद उप्र विद्युत नियामक आयोग पर भी बिजली दर में बढ़ोतरी प्रस्ताव को वापस करने का दबाव बढ़ गया है। उप्र. विद्युत उपभोक्ता परिषद ने आयोग से कहा है कि प्रदेश के उपभोक्ता पहले से ही महंगी बिजली से परेशान हैं। इसलिए बिजली दर में बढ़ोतरी का प्रस्ताव उपभोक्ताओं के साथ अन्याय है।
उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने अन्य प्रदेशों में प्रति व्यक्ति बिजली खपत का आंकड़ा पेश करते हुए कहा कि उत्तरी व पश्चिमी रीजन के ग्रिड से जुडे 16 राज्यों में यूपी में प्रति व्यक्ति खपत सबसे कम हैं। ऐसे में अगर बिजली दरों में इजाफा किया गया तो खपत का स्तर और नीचे जाएगा। उन्होंने आयोग से प्रस्तावित बिजली दरों में बढ़ोतरी को रोकने की मांग की है।