आईसीएआई लखनऊ और यूपी जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल बार एसोसिएशन ने किया सेमिनार
लखनऊ। बहुप्रतीक्षित जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल की शुरुआत से पहले शनिवार को ट्रिब्यूनल के जजों और अधिवक्ताओं के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करने के उद्देश्य से जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल विषय पर शनिवार को सेमिनार आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि एवं यूपी जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल के उपाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार चांधरियावी ने कहा कि अधिवक्ताओं की पेशेवर तैयारी और प्रभावी पैरवी से करदाताओं को अधिक लाभ मिल सकेगा। यदि तथ्यों और कानून के आधार पर सही ढंग से पक्ष रखा जाए तो ट्रिब्यूनल न्याय देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
शहीद पथ स्थित होटल में आईसीएआई (इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया) लखनऊ चैप्टर और यूपी जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित सेमिनार में विशिष्ट अतिथि के रूप में ट्रिब्यूनल के न्यायिक सदस्य संतोष कुमार श्रीवास्तव और नरेंद्र कुमार, केंद्रीय ट्रिब्यूनल के तकनीकी सदस्य आलोक चोपड़ा तथा राज्य ट्रिब्यूनल के तकनीकी सदस्य अरविंद कुमार मौजूद रहे। तकनीकी सत्र में सीए अविनाश पोद्दार और अधिवक्ता बी.एल. नरसिम्हन ने ट्रिब्यूनल के समक्ष प्रभावी पैरवी से जुड़े कानूनी और प्रक्रियात्मक पहलुओं पर चर्चा की।
आयोजक व आईसीएआई लखनऊ के चेयरमैन सीए अविनाश जायसवाल ने बताया कि वर्ष 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद अब नौ साल बाद देशभर में जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल का गठन पूरा हुआ है और जजों की नियुक्तियां भी हो चुकी हैं। एक जुलाई से ट्रिब्यूनल कोर्ट का संचालन शुरू होगा। कार्यक्रम में आईसीएआई के सेंट्रल काउंसिल मेंबर सीए संजीव सिंघल, सचिव आशीष गुप्ता, प्रियंका गर्ग समेत कई विशेषज्ञ और अधिवक्ता मौजूद रहे।
आईसीएआई लखनऊ और यूपी जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल बार एसोसिएशन ने किया सेमिनार