लखनऊ। फेसबुक लाइव आकर जहर खाकर युवक के खुदकुशी करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उसकी पत्नी की तलाश जारी है। अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।
ठाकुरगंज निवासी 28 वर्षीय रजनीश रावत ने शनिवार को जहर खाकर खुदकुशी कर ली थी। जहर खाने से पहले वह फेसबुक लाइव आए थे। इस दौरान उन्होंने इलाकाई निवासी मूर्ति कारीगर रामू राव, उनकी पत्नी, रिश्तेदार दरोगा कुलदीप व अन्य कुछ पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। रजनीश के मुताबिक रामू पर उनका 25 हजार रुपये बकाया था। रुपये मांगने पर रामू ने मारा पीटा और पुलिस से दबाव डलकर फर्जी प्रार्थना उसी के खिलाफ दे दिया। जिससे वह डर गया है। लाइव के दौरान ही रजनीश ने जहर खा लिया था।
डीसीपी पश्चिम दुर्गेश कुमार ने बताया कि रामू की गिरफ्तारी कर ली गई है। आरोपी उनकी पत्नी भागी हुई हैं। तलाश की जा रही है। पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जो साक्ष्य मिलेंगे, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।