लखनऊ। पनीर में आयोडीन टिंचर (आयोडीन घोल) मिलाएं, अगर पनीर का रंग नहीं बदलता है तो समझ लीजिए वह शुद्ध है। अगर रंग बदल जाता है तो पनीर मिलावटी होगा।
कुछ इसी तरह के तमाम उपाय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने बताए, जिनके जरिये चंद सेकंड में पता चल जाएगा कि खाद्य व पेय पदार्थ शुद्ध हैं या मिलावटी। मौका था विभूतिखंड स्थित एक होटल में शनिवार को विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर साइंस इन एक्शन थीम पर आयोजित कार्यक्रम का।
सहायक खाद्य आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने कई और खाद्य पदार्थों की जांच करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हल्दी को पानी भरे पारदर्शी गिलास में डालें। हल्दी नीचे बैठ जाएगी। इस दौरान अगर पानी में रंग नजर आए तो जान लीजिए हल्दी में मिलावट है। इसी तरह से लाल मिर्च को भी जांच सकते हैं।
वहीं, शहद को जांचने के लिए उसमें आग लगाएं, अगर वह जलने लगे तो समझिए कि वह शुद्ध है। विशेषज्ञों ने लोगाें को जागरूक करते हुए कहा कि खाने में मोटे अनाज का इस्तेमाल करें। कार्यक्रम में एफएसडीए विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।