कुछ करने की इच्छाशक्ति हो तो बड़ी से बड़ी चुनौती भी साधारण लगने लगती है। ऐसे ही अपने हौसलों से उड़ान भरते हुए लखनऊ पब्लिक कॉलेज की छात्रा 'बानी' ने दृष्टिबाधित होने के बावजूद न सिर्फ अपना लक्ष्य हासिल किया, बल्कि दूसरों के लिए नजीर भी बनीं। उन्होंने आईसीएसई (हाईस्कूल) में 95.4 प्रतिशत अंक हासिल करके परिवार और स्कूल का नाम रोशन किया है।
दृष्टिबाधित होने पर बानी चावला ने खुद को कमजोर नहीं माना। यूट्यूब से विषयों के लेक्चर सुने, फिर उन्हें याद किया जो परीक्षा में उनके बहुत काम आए। बानी के पिता विशाल चावला ने बताया कि बेटी की मां श्वेता चावला ने उसको परीक्षा की पूरी तैयारी करवाई। इसके साथ उसके लिए एक ट्यूशन टीचर भी लगाया था।
यह भी पढ़ेंः- UP News: अंसल ग्रुप के ठिकानों पर ईडी की दस्तक, लखनऊ... गाजियाबाद समेत खंगाल रही सात ठिकाने
खास बात यह है कि बेटी को जो पढ़ाया जाता है वह उसे तुरंत याद कर लेती है। परीक्षा में उसे एक राइटर उपलब्ध कराया गया था। वह सवालों के जवाब बताती थी राइटर उसे कॉपी में लिखता था। बेटी की इस सफलता से उनकी खुशी की कोई सीमा नहीं है। बानी जन्म के छह माह बाद से दृष्टिबाधित हैं।
बानी एक अच्छी गायक भी हैं
दृष्टिबाधित होने की वजह से वह शुरू से ही नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड संस्था से जुड़ी है, जिसने उसकी बहुत मदद की। उसका सपना आईएएस अधिकारी बनने का है। इसके लिए वह अभी से तैयारी कर रही है। इसके अलावा बानी एक अच्छी गायक भी हैं। उसने प्रयागराज से इसका कोर्स भी किया है।