लखनऊ। लुधियाना स्टेशन पर छह जून को दिल्ली-श्रीमाता वैष्णो देवी स्पेशल ट्रेन की एक बोगी में दरार आने के बाद अब रेलवे ने इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) की बोगियों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उत्तर व पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ट्रेनों में भी इन बोगियों की जांच की जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा के लिए जंग लगे और जर्जर हो चुकी बोगियों को तत्काल हटाया जाएगा। सुरक्षा जांच अभियान को लखनऊ मंडल में भी तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। रेलवे के अनुसार कोच के संवेदनशील हिस्सों में जंग और क्षरण को गंभीरता से लेते हुए यह अभियान चलाया जाएगा। सात दिन के अंदर जांच पूरी कर ली जाएगी।