यूपी आईएएस एसोसिएशन की सर्विस वीक 31 जनवरी से शुरू होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक फरवरी को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। पहले 13 दिसंबर से आईएएस वीक प्रस्तावित थी, जिसे मुख्यमंत्री की व्यस्तता की वजह से स्थगित करना पड़ा था।
राजस्व परिषद के चेयरमैन व एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीर कुमार ने मुख्यमंत्री से मिलकर आईएएस सर्विस वीक के लिए समय देने का आग्रह किया था। कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सहमति दे दी है। एक फरवरी को मुख्यमंत्री वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। दो फरवरी को एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा की बैठक होगी।
बताते चलें सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत 31 जनवरी से ही हो जाएगी। इस दिन अफसरों के बच्चों व परिवार के लिए फोटोग्राफी, पुष्पसज्जा, सामान्य क्विज, पेंटिंग और रंगोली की प्रतियोगिताएं होंगी। शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। दूसरे दिन एक फरवरी को अफसरों की कॉन्फ्रेंस होगी।
लोकसभा चुनाव के पहले प्रदेश भर के प्रशासनिक अधिकारियों से मुख्यमंत्री के संवाद का यह महत्वपूर्ण मौका होगा। कॉन्फ्रेंस के बाद मुख्यमंत्री लंच देंगे। शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। दो फरवरी को दिन में एजीएम के अलावा राज्यपाल द्वारा अफसरों को डिनर देने की परंपरा है। आखिरी दिन तीन फरवरी को आईएएस इलेवन व आईपीएस इलेवन के बीच क्रिकेट मैच होगा।