सब्जी खरीद रहे आईएएस अधिकारी का मोबाइल फोन चोरी
लखनऊ। वृंदावन सेक्टर-8 में सब्जी खरीद रहे खाद्य एवं रसद विभाग के विशेष सचिव आईएएस अफसर अतुल सिंह की जेब से मोबाइल चोरी हो गया। उन्होंने पीजीआई थाने में केस दर्ज कराया है।
अतुल सिंह के मुताबिक सोमवार शाम करीब सात बजे वह सामान खरीद रहे थे। इस दौरान चोर ने उनके कोट की दाहिनी जेब में रखा मोबाइल चोरी कर लिया। कुछ देर के बाद उनको इसका पता चला। उन्होंने मोबाइल इधर-उधर तलाशा, पर कुछ पता नहीं चल सका।
इंस्पेक्टर पीजीआई रवि शंकर त्रिपाठी ने बताया कि सर्विलांस की मदद से चोरी गए मोबाइल के बारे में पता लगाया जा रहा है। फिलहाल मोबाइल फोन बंद है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है।