मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय से वरिष्ठ अधिकारियों को परंपरा अनुसार सचिवालय से बाहर तैनाती दे दी गई है। सचिवालय के बाहर सबसे अहम पद अपर मुख्य सचिव आईटी संजीव सरन को मिला है। उन्हें राज्य सड़क परिवहन निगम का अध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा अपर मुख्य सचिव राजस्व चंचल कुमार तिवारी को महानिदेशक दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्रामीण संस्थान के पद पर भेजा गया है। अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन ललित वर्मा की तैनाती से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है। उन्हें वर्तमान पद पर ही बनाए रखा गया है।
समाज कल्याण आयुक्त चंद्रप्रकाश के भी कद में इजाफा किया है। उन्हें वर्तमान पद के साथ राज्य सतर्कता आयोग का भी अध्यक्ष बना दिया गया है। चंद्रप्रकाश दलित अधिकारी हैं और मुख्य सचिव से भी वरिष्ठ हैं।
गौरव दयाल मुख्य सचिव के स्टाफ ऑफिसर बने
मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय ने विशेष सचिव पर्यटन गौरव दयाल को अपना विशेष सचिव व स्टाफ ऑफिसर बनाया है। उन्हें पिछले दिनों आगरा के डीएम पद से हटाकर पर्यटन में नई तैनाती दी गई थी। विजय विश्वास पंत को कानपुर नगर का डीएम बनाए जाने से स्टाफ ऑफिसर का पद खाली हो गया था।
अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक दीपक त्रिवेदी के पास पहले आबकारी की जिम्मेदारी थी। बाद में उनसे आबकारी का प्रभार लेकर नियुक्ति में नियमित तैनाती दे दी गई। अब उनसे नियुक्ति एवं कार्मिक की भी जिम्मेदारी ले ली गई है।
ब्यूरोक्रेशी में कम महत्व के माने जाने वाले नियोजन एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग की जिम्मेदारी अब त्रिवेदी को दी गई है। अपर मुख्य सचिव रेशम व हथकरघा मुकुल सिंघल को नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
निवर्तमान मुख्य सचिव राजीव कुमार ने मुकुल को आवास जैसा अहम विभाग दिया था जिसे बाद में वापस लेना पड़ गया था। राजीव के विदा होते ही मुकुल फिर अहम विभाग पाने में कामयाब रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अच्छी छवि की महिला अफसरों पर भरोसा बढ़ाया है और उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। अपर मुख्य सचिव आबकारी कल्पना अवस्थी को वन एवं पर्यावरण विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह अपर मुख्य सचिव महिला कल्याण रेणुका कुमार से वन एवं पर्यावरण विभाग ले लिया गया है लेकिन उन्हें महिला कल्याण विभाग के साथ राजस्व विभाग की नियमित तैनाती दी गई है। भूतत्व एवं खनिकर्म जैसे अहम विभाग का उन्हें अतिरिक्त प्रभार भी मिला है। इसी तरह प्रमुख सचिव लघु सिंचाई एवं अल्पसंख्यक कल्याण मोनिका सहगल गर्ग को बाल विकास एवं पुष्टाहार जैसे अहम विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि प्रमुख सचिव परिवहन आराधना शुक्ला से विशेष कार्याधिकारी नोएडा की अतिरिक्त जिम्मेदारी ले ली गई है।
मुरादाबाद मंडल के आयुक्त राजेश कुमार सिंह को प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। यह पद मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय के पास था। इसके अलावा राजेश रेश, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग का काम भी देखेंगे। उन्हें प्रबंध निदेशक यूपीएसआईडीसी कानपुर की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। यूपीएसआईडीसी के मौजूदा एमडी रणवीर प्रसाद को हटा दिया गया है। उन्हें नगर विकास विभाग में सचिव बनाया गया है। विशेष सचिव औद्योगिक विकास प्रमोद कुमार को संयुक्त प्रबंध निदेशक यूपीएसआईडीसी के पद पर तैनाती दी गई है।
आलोक को आईटी, मनोज को अल्पसंख्यक, जितेंद्र को संस्कृति का भी प्रभार
अपर मुख्य सचिव वाणिज्य कर एवं मनोरंजन कर आलोक सिन्हा को वर्तमान पद के साथ अपर मुख्य सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रानिक्स का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसी तरह प्रमुख सचिव समाज कल्याण मनोज कुमार सिंह को अल्पसंख्यक कल्याण एवं मुस्लिम वक्फ तथा प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन जितेंद्र कुमार को संस्कृति विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
अनीता को बेहतर तैनाती, लघु सिचाई की जिम्मेदारी
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की प्रमुख सचिव अनीता सिंह को राष्ट्रीय एकीकरण विभाग से हटाकर लघु सिचाई विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। यह राष्ट्रीय एकीकरण से बेहतर विभाग है।
प्रदेश के रिक्त मंडलों में नए मंडलायुक्तों की तैनाती कर दी गई है। सचिव बाल विकास एवं पुष्टाहार अनीता सी. मेश्राम को मेरठ का और केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे अनिल राजकुमार को मुरादाबाद मंडल का आयुक्त बनाया गया है। इन दोनों मंडलों केआयुक्तों को शासन में अहम पदों पर तैनाती दी गई है। इसके अलावा 30 जून को रिक्त हुए बस्ती के मंडलायुक्त पद पर निदेशक महिला कल्याण अलका टंडन भटनागर और चित्रकूट धाम के मंडलायुक्त पद पर सचिव खेलकूद शरद कुमार सिंह को तैनाती दी गई है।
पीएम की रैली के पहले आजमगढ़ के कमिश्नर बदले, जगतराज को कमान
सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी की रैली के पहले आजमगढ़ के मंडलायुक्त एसवीएस रंगराव को हटा दिया है। कुछ दिन पहले उन्हें देवीपाटन मंडल से हटाकर आजमगढ़ तैनाती दी गई है। अब रंगाराव को सचिव खेलकूद बनाया गया है। आजमगढ़ मंडल के आयुक्त पद पर सचिव संस्कृति जगतराज को तैनाती दी गई है।
उमेश सहित चार पीसीएस अफसरों के तबादले
वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी एवं विशेष सचिव नगर विकास उमेश प्रताप सिंह को निदेशक सूडा बनाया गया है। विशेष सचिव भाषा एवं निदेशक हिंदी संस्थान शिशिर को संस्कृति निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसी तरह चंद्र पाल को नगर मजिस्ट्रेट झांसी से अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला इलाहाबाद बनाया गया है। बाराबंकी में एसडीएम अजय कुमार सिंह को नगर निगम वाराणसी का अपर नगर आयुक्त बनाया गया है।