लखनऊ। इंदिरानगर के तकरोही में कक्षा छह के छात्र राज (14) ने शुक्रवार सुबह घर में फंदा लगाकर जान दे दी। इससे पहले उसने घरवालों से कहा था कि तबीयत खराब है, स्कूल नहीं जाऊंगा। पुलिस के मुताबिक कि छात्र ने बीमारी से तंग आकर आत्महत्या की है।
इंस्पेक्टर इंदिरानगर सुनील कुमार ने बताया कि मूल रूप से बाराबंकी के जहांगीराबाद निवासी राज के पिता अमरेश एचएएल में संविदा पर सफाईकर्मी हैं। वह मां दुर्गा, बेटे राज व भाई बृजेश के साथ लखनऊ के तकरोही में रहते हैं। अमरेश की पत्नी सीमा दो छोटे बेटों के साथ गांव में रहती हैं।
अमरेश के मुताबिक बृहस्पतिवार को राज की स्कूल में तबीयत खराब हो गई थी। इसकी खबर मिलने पर वह उसे घर ले आए। शुक्रवार सुबह भी राज ने तबीयत खराब होने की जानकारी देते हुए स्कूल न जाने की बात कही। इसके बाद अमरेश, दुर्गा व बृजेश अपने काम में व्यस्त हो गए।
कुछ देर बाद बृजेश घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज लगाने पर भी राज ने दरवाजा नहीं खोला। उन्होंने लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो देखा कि राज कमरे में लगे पंखे से फंदा लगाकर लटका है। उसे लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि राज बीपी का मरीज था। आशंका है कि इसी से परेशान होकर उसने खुदकुशी कर ली।