रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र में जंगल के बाहर मंगलवार को फिर रेत पर कई जगह लकड़बग्घे के पगचिह्न मिले हैं। ऐसे में पांच गांवों के लोग दहशत में हैं। लोग रात में सो नहीं पाए। ग्रामीणों के साथ वन विभाग की टीम जंगल में लकड़बग्घे की खोज में जुटी है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
हरचंदपुर क्षेत्र के अजमतुल्लागंज गांव में सोमवार को लकड़बग्घा दिखने से ग्रामीण सहमे हुए हैं। वन विभाग ने गांव पहुंचकर पड़ताल की। गांव के बाहर मिले पगचिह्नों से वन विभाग ने लकड़बग्घे की पुष्टि की थी। रात में वन विभाग की टीम ने जंगल में खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
मंगलवार को वन क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव, रविशंकर, बिंदु प्रसाद, अशीष मौर्य, शारदा बख्श सिंह, आशीष यादव, मोहन यादव, संजय सोनकर, नवल यादव, रघुराज ने जंगल में लकड़बग्घे की खोज की। वन कर्मियों ने बताया कि जंगल के बाहर रेत में कई जगह पगचिह्न मिले हैं, लेकिन लकड़बग्घा नहीं दिखा।
क्षेत्र पंचायत सदस्य मुकेश सिंह ने बताया कि लकड़बग्घे की दहशत से ग्रामीण घर के बाहर नहीं सो रहे हैं। मवेशियों की रखवाली के लिए रात भर जागना पड़ रहा है। आसपास के गांव चौहनिया, पूरे पंडित, अडोबर, मझिगवां करन के ग्रामीणों में दहशत है।
रखी जा रही नजर
लकड़बग्घे की खोज चल रही है। अभी तक वह दिखा नहीं है। बराबर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को भी जागरूक किया जा रहा है।
- आशुतोष जायसवाल, डीएफओ