बुजुर्गों और दिव्यांगों को अब चारबाग स्टेशन व लखनऊ जंक्शन पर ट्रेन में अपनी सीट तक पहुंचने में कष्ट नहीं उठाना पड़ेगा। हाइड्रोलिक व्हीलचेयर की मदद से ये आसानी से सीटों तक पहुंच सकेंगे। बैटरी संचालित इन व्हीलचेयर को यात्री खुद चला सकेंगे। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की ओर से यह सुविधा मार्च तक मिलने की उम्मीद है।
यात्रियों को हाइड्रोलिक व्हीलचेयर की सुविधा नि:शुल्क मिलेगी। आईआरसीटीसी अधिकारियों की मानें तो इन व्हीलचेयर को चलाना बेहद आसान है। बोगी के गेट पर पहुंचने के बाद ये व्हीलचेयर ऊंची होकर आसानी से अंदर जा सकेगी। सीट पर बैठने के बाद दिव्यांग के साथी या कुली व्हीलचेयर स्टेशन प्रशासन को वापस कर देंगे।
चारबाग स्टेशन व लखनऊ जंक्शन पर फिलहाल एक दर्जन से अधिक सामान्य व्हीलचेयर यात्रियों की नि:शुल्क सुविधा के लिए उपलब्ध हैं। इन्हें लेने के लिए यात्री को अपनी वोटर आईडी या आधार कार्ड जमा करवाना होता है। व्हीलचेयर की वापसी के वक्त इन्हें लौटा दिया जाता है।
यूपी के दस शहरों में मिलेंगी सुविधाएं
हाइड्रोलिक व्हीलचेयर
- फोटो : amarujala
चारबाग स्टेशन व लखनऊ जंक्शन सहित प्रदेश के दस शहरों में हाइड्रोलिंग व्हीलेचयर की सुविधा मिलेगी। इनमें वाराणसी, कानपुर व गोरखपुर प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त झांसी, मथुरा व अन्य शहरों को भी शामिल करने पर मंथन चल रहा है। जल्द ही सूची तैयार हो जाएगी।
ये सुविधाएं भी देगा रेलवे
-1,300 रेलवे स्टेशनों पर रैम्प
-1,100 स्टेशनों पर पीने के पानी की विशेष व्यवस्था
-950 स्टेशनों पर नॉन स्लीपरी वॉकवे
-900 स्टेशनों पर अलग से पार्किंग
-41 स्टेशनों पर बैटरी से चलने वाली कारों की व्यवस्था
हाइड्रोलिक व्हीलचेयर की सुविधा लखनऊ सहित वाराणसी व कानपुर में लाने की तैयारी है। इसके अतिरिक्त यूपी के कुल दस शहरों में स्टेशनों पर ये व्हीलचेयर उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे बुजुर्ग व दिव्यांग यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
-अश्विनी श्रीवास्तव, मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक, आईआरसीटीसी