काकोरी क्षेत्र में रविवार रात बीमारी से परेशान होकर कपड़ा व्यवसायी चलती ट्रेन से कूद गया। पति को बचाने में पत्नी ने भी छलांग लगा दी।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। यह देख रिश्तेदारों ने चेन खींचकर ट्रेन रोकी। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को लेकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गई।
जहां पर डॉक्टरों ने परीक्षण करके दंपती को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से मुजफ्फरपुर बिहार निवासी मनोज कुमार (35) दिल्ली में कपड़ा का व्यवसाय करते थे।
मनोज गंभीर बीमारी से पीड़ित था, जिसका इलाज दिल्ली के भीमराव अम्बेडकर अस्पताल से चल रहा था। रविवार को अपने पैतृक गांव परिवार के साथ वापस जा रहा था।
रात तकरीबन 12 बजे के करीब ट्रेन काकोरी के साहपुर भमरौली गांव के पास पहुंची थी तभी मनोज ट्रेन के गेट पर जाकर खड़ा हो गया। यह देख पत्नी किरन भी उसके पास पहुंच गई।
थोड़ी देर बाद मौका देखते ही मनोज ट्रेन से कूद गया। यह देख पत्नी किरन (32) पति को बचाने के लिए चलती ट्रेन से नीचे कूद गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
रिश्तेदार अजय कुमार ने चेन खींचकर ट्रेन को रोका। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को लेकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां पर डॉक्टरों ने परीक्षण करके मृत घोषित कर दिया।
मनोज के ममेरे भाई अजय के मुताबिक, वह उनके परिवार के साथ ट्रेन के एक्स-9 बोगी में थे। अजय ने बताया कि मनोज का पिछले कई दिनों से इलाज चल रहा था। डॉक्टर द्वारा जवाब देने के बाद वह डिप्रेशन में आ गया था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।