आयकर विभाग ने बुधवार को जिन तीन आईएएस एवं कर्मियों के 22 ठिकानों पर छापामारी की थी वहां पर 30-30 घंटे तक जांच चली। यानी बुधवार को सुबह नौ जांच शुरू हुई और बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे तक चली।
इस जांच के दौरान आईएएस एवं कर्मियों के घरों से 1.93 करोड़ 50 हजार रुपये का कैश और 40 लाख रुपये के गहने जब्त किये गये हैं। यह गहने लखनऊ में एक आईएएस के घर से मिले। इसके अलावा तीनों आईएएस के द्वारा करोड़ों रुपये की काली कमाई को बेनामी संपत्ति की खरीद में खपाए जाने के जो दस्तावेज को जब्त किया गया है।
आयकर अफसरों ने लखनऊ मेंं निदेशक (स्वास्थ्य) एवं बागपत के पूर्व डीएम हृदय शंकर तिवारी के विभूतिखंड एवं शहीद पथ के निकट अंसल सिटी में स्थित आवासों की जांच में 1. 21 करोड़ रुपये की कैश बरामद हुए हैं। वहीं 40 लाख रुपये कीमत के सोने एवं हीरे के गहने भी मिले जिनको जब्त कर लिया गया।
इसके अलावा देवा रोड पर स्थित फार्म हाउस और दिल्ली के करीब कई शहरों में बेनामी जमीनी निवेश के दस्तावेज हाथ लगे हैं। जांच इकाई के डिप्टी डायरेक्टर जयनाथ वर्मा ने बताया कि बागपत में छानबीन के दौरान हृदय शंकर तिवारी के स्टेनो रहे कर्मचारी के घर से 15 लाख रुपये की नकदी मिली। हृदय शंकर तिवारी ने इस स्टेनो के माध्यम से करोड़ों के वारे-न्यारे किए हैं।