लखनऊ। काकोरी के गहेलवारा गांव में एलडीए की वरुण विहार योजना से प्रभावित 12 गांवों के किसानों ने सोमवार दोपहर किसान अधिकार समन्वय समिति के बैनर तले जनसंवाद चौपाल लगाई। किसानों ने अपनी समस्याओं और मांगों को एलडीए अधिकारियों के सामने रखा और समाधान की उम्मीद जताई। वरुण विहार योजना प्रभारी संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने कहा कि किसी भी किसान का मकान नहीं गिराया जाएगा। यदि योजना में किसी मकान का समावेश होता है तो पहले किसान को उचित मुआवजे के साथ सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा।
उन्होंने किसानों से कहा कि योजना में सहयोग बनाए रखें और मुआवजा बढ़ाने की मांग पर आश्वासन दिया कि सभी किसानों को एक समान मुआवजा मिलेगा। रजिस्ट्री कर चुके किसानों को भी समान मुआवजा देने का भरोसा दिलाया गया। ग्राम सकरा और मदारपुर के मुआवजे को भी अन्य किसानों के समान किए जाने पर सहमति जताई गई। एसडीएम अंकित शुक्ला ने कहा कि किसानों की खतौनी और अन्य दस्तावेजों में यदि कोई गलती है, तो उसे ठीक कराने के लिए उन्हें तहसील नहीं जाना पड़ेगा। गांवों में विशेष कैम्प लगाकर संशोधन कराए जाएंगे।
एसडीएम सरोजनी नगर अंकित शुक्ला, एलडीए एस.डी.एम विपिन शिवहरे, विराग करवरिया, संगीता राघव, नायब तहसीलदार, अधिशाषी अभियंता, सहायक अभियंता तथा एसीपी काकोरी शकील अहमद के अलावा ग्राम पंचायत दोना के प्रधान कमलेश कुमार, जिला पंचायत सदस्य जितेन्द्र कुमार गुड्डू, जलियामऊ प्रधान पति राहुल गौतम, सकरा प्रधान पति दिलीप मौर्य, राजवीर यादव आदि मौजूद रहे। किसानों ने अधिकारियों को भी ज्ञापन सौंपा।
चौपाल में मौजूद किसान।