सरोजनीनगर। आजाद विहार फेस-2 निवासी प्राइवेट कंपनी कर्मचारी उदयवीर सिंह के मकान का ताला तोड़कर चोर 5.50 लाख रुपये नकद और लाखों के जेवर चोरी कर ले गए। सरोजनीनगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उदयवीर के मुताबिक, वह 19 सितंबर को परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर वाराणसी गए थे। मोबाइल से घर में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक करने पर उन्हें कुछ गड़बड़ी नजर आई। उन्होंने पड़ोसी से घर देखने के लिए कहा। पड़ोसी ने दरवाजा खुला होने की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने अपनी सालियों पारुल और अनुभा सिंह को घर भेजा, जहां चोरी का पता चला।
वाराणसी से लौटने पर छानबीन में चांदी के बर्तन, सोने की दो जंजीरें, दो ब्रेसलेट, करीब 5.50 लाख रुपये और सीसीटीवी कैमरे नदारद मिले। डीवीआर फुटेज के अनुसार चोर 21 सितंबर की रात करीब दो से 2:30 बजे के बीच घर में घुसे और वारदात की। इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति ने बताया कि फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।