प्रदेश पुलिस के कर्मियों की समस्याओं के समाधान के क्रम में राज्य सरकार ने अब उनकी आवासीय समस्याओं के समाधान की कवायद शुरू की है।
अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने व अपराध स्थिति पर नियंत्रण के लिए थानों के प्रशासनिक भवनों को भी सुदृढ़ करने की योजना बनाई गई है।
इस क्रम में यह तय हुआ है कि औरैया के थाना अजीतमल, फतेहपुर के थाना थरियांव तथा सीतापुर स्थित द्वितीय वाहिनी पीएसी में आवासीय भवनों का निर्माण कराया जाएगा।
नक्सल प्रभावित सोनभद्र के रेनूकूट वन प्रभाग के अंतर्गत थाना हाथी नाला के निर्माण हेतु भूमि खरीदी जाएगी तथा बलिया के थाना सहतवार में प्रशासनिक भवन निर्मित किया जाएगा।
इन सभी कार्यो के लिए शासन द्वारा आवश्यक धनराशि की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस धनराशि को पुलिस मुख्यालय इलाहाबाद द्वारा संबंधित को उपलब्ध करा दिया गया है।
प्रमुख सचिव गृह अनिल कुमार गुप्ता ने जानकारी दी है कि जनपद औरैया के थाना अजीतमल एवं फतेहपुर के थाना थरियांव में 18-18 आवासीय भवनों के निर्माण कार्य हेतु 2 करोड़ 91 लाख रुपये की मंजूरी शासन द्वारा प्रदान की गई है।
द्वितीय वाहिनी पीएसी सीतापुर में 30 आवासीय भवनों के निर्माण कार्य हेतु 1 करोड़ 90 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि नक्सल प्रभावित सोनभद्र जिले के रेनूकूट वन प्रभाग के अंतर्गत थाना हाथी नाला के निर्माण हेतु भूमि खरीदने के लिए 13 लाख 31 हजार रुपये की स्वीकृत प्रदान की गई है।
इसके अलावा पुलिस आधुनिकीकरण योजना के अंतर्गत बलिया के थाना सहतवार में प्रशासनिक भवन के निर्माण कार्य हेतु 1 करोड़ 59 लाख रुपये की धनराशि दी गई है।