जानकीपुरम सेक्टर एच में घर में लगी आग बुझाते पड़ोसी। संवाद
लखनऊ। गुडंबा क्षेत्र में शुक्रवार को एक घर के द्वितीय तल पर आग लगने से बेटी की शादी के लिए रखी नकदी सहित लाखों रुपये का सामान जल गया। दमकल टीम ने आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाई। शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है।
इंस्पेक्टर गुडंबा नीतिश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जानकीपुरम सेक्टर जी निवासी चंद्रमौलि पांडेय अलीगंज में कृष्णा पूजन भंडार व उनका बेटा विनय घर में ही कृष्णा कॉस्मेटिक सेंटर चलाते हैं। चंद्रमौलि की बेटी अनुराधा की चार दिसंबर को शादी है। शुक्रवार को विनय घर के द्वितीय तल पर दोस्तों के साथ शादी का सामान पैक कर रहे थे। दोपहर तीन बजे सभी लोग खाना खाने प्रथम तल पर चले गए। तभी द्वितीय तल पर अचानक आग लग गई। लपटें इतनी तेज थीं कि सभी लोग जान बचाने के लिए बाहर भाग गए। तीन दमकल गाड़ियों व पड़ोसियों की मदद से अग्निशमन टीम ने आग बुझाई। विनय ने बताया कि घर के द्वितीय तल पर शादी के कपड़े, गहने व करीब चार लाख कैश रखा था। अग्निकांड में गहने बच गए मगर अन्य सारा सामान जल गया।
पड़ोसियों ने बताया कि कुछ माह पूर्व विनय की मां का निधन हो चुका है। अनुराधा की शादी के लिए पिता-पुत्र ने बड़ी मेहनत से समान जुटाया था। चार दिसंबर को प्रतापगढ़ से बरात आनी है। विनय इस बात से परेशान हैं कि इतने कम समय में शादी के लिए फिर से सारा सामान कैसे जुटाएंगे। विनय ने बताया कि पिता हार्ट के मरीज हैं। ऐसे में उन्हें घर में आग लगने की जानकारी ही नहीं दी है। भाजपा नेता सतीश वर्मा ने मौके पर पहुंचकर सरकार से सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया है।
वहीं, कृष्णानगर निवासी हरिवंश सिंह के मकान की तीसरी मंजिल पर बने पूजाघर में लगी बिजली की झालर में शॉर्ट-सर्किट से बृहस्पतिवार रात आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कुछ देर में ही आग बुझा दी। मगर तब तक तीसरी मंजिल का काफी सामान जल गया था। गृहस्वामी की नातिन हरनीश ने बताया कि उनके नाना हरिवंश दीपावली पर सपरिवार पंजाब गए हैं।