लखनऊ। होटल मोहन में लगी आग के मामले में होटल प्रशासन की लापरवाही पर बिजली विभाग ने कनेक्शन काट दिया है। यह कार्रवाई बिजली विभाग ने सीएफओ मंगेश कुमार के पत्र पर की है।
सीएफओ ने बताया कि बिजली कटने पर मोहन होटल में ग्राहक ठहरने नहीं जाएंगे। ऐसे में भविष्य में किसी भी तरह का न तो लोगों की जान का खतरा होगा और न माल की हानि होगी। हजरतगंज के न्यू बेरी रोड निवासी होटल मालिक अनिल कुमार अग्रवाल जब तक सभी मानकों को पूरा नहीं करेंगे, तब तक कनेक्शन नहीं जोड़ जाएगा।
लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए डीएम को पत्र लिखने पर खुली थी पोल
होटल मालिक बेखौफ होकर बिना लाइसेंस के ही संचालन कर रहा था। विभाग ने सितंबर 2024 में होटल को मानक न पूरे होने को लेकर पहला नोटिस, दूसरा अक्तूबर 2024 और तीसरा फरवरी 2025 में जारी किया था। कमियां दूर न करने पर दमकल विभाग ने डीएम को लाइसेंस निरस्तीकरण करने के लिए पत्र लिखा था। जवाब में डीएम कार्यालय से विभाग को जानकारी हुई कि होटल मालिक ने कभी लाइसेंस के लिए आवेदन नहीं किया।
होटल में फंसे थे 30 लोग
होटल में शनिवार रात आग लगने से उसमें ठहरे 30 लोगों की जान सांसत में आ गई थी। दमकल ने पांच गाड़ियों से आधे घंटे में आग बुझाई थी। दमकल विभाग अब होटल मालिक को कारण बताओ नोटिस जारी करेगा।