बिसवां(सीतापुर)। बिसवां कस्बे के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती एक प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत कराया। हालांकि परिजनों ने अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली इलाके के महमूदाबाद रोड स्थित एक प्राइवेट नर्सिंग होम में ग्राम भुड़कुड़ी निवासी अर्जुन वर्मा की पत्नी पूजा को भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि पूजा गर्भवती थी। डिलीवरी होने वाली थी।
मंगलवार को उसकी डिलीवरी के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि पूजा का इलाज चल रहा था। दो दिन पूर्व डिलीवरी के लिए भर्ती किया गया था। महिला चिकित्सक द्वारा आश्वासन दिया गया था कि सब कुछ ठीक ठाक है। डिलीवरी हो जाएगी। जबकि उसकी मौत हो गई है। अगर समय रहते जवाब दे देतीं तो उसकी मौत न होती। घटना की जानकारी पर मौके पर पुलिस पहुंची और लोगों को शांत कराया। इंस्पेक्टर बिसवां ओपी तिवारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर संचालिका के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।