लखनऊ। ठाकुरगंज के हुसैनाबाद स्थित गुंबद व्यू कैफे की आड़ में चल रहे हुक्का बार में बुधवार रात पुलिस ने छापा मारकर तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस ने तीन हुक्का, पाइप, चिलम, फ्लेवर तंबाकू व अन्य सामान बरामद किया है।
इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर के मुताबिक बुधवार रात यूनिटी कॉलेज के पास स्थित गुम्बद व्यू कैफे में हुक्का बार चलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने छापा डाला तो हुक्का बार में मौजूद लोग भागने लगे। पुलिस ने सआदतगंज के छोटे साहब आलम रोड निवासी कुनानै मिर्जा, फाजिल नगर निवासी सैय्यद मोहम्मद और बाजारखाला निवासी आर्यन कश्यप को पकड़ा है। इंस्पेक्टर ने बताया कि तीनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि हुक्का बार का संचालक शाहरुख नाम का युवक है। पुलिस उसकी तलाश में लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हुक्का बार में बड़ी संख्या में कॉलेज के छात्र भी आते थे।