लखनऊ। गौतमपल्ली स्थित रिवेरा हाईट्स द्वितीय की छठी मंजिल पर चोरी छिपे हुक्का बार चल रहा था। 28 दिसंबर की रात पुलिस ने छापा मारकर दो लोगों को गिरफ्तार किया।
एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि 28 की रात गौतमपल्ली पुलिस को सूचना मिली कि रिवेरा हाईट्स द्वितीय की छठी मंजिल पर हुक्का बार चल रहा है। पुलिस ने हुक्का बार में काम करने वाले कर्मचारियों गौतमपल्ली जियामऊ निवासी विनय और अमेठी के जगदीशपुर निवासी राघवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया। मौके से दो हुक्के, छह पाइप और फ्लेवर मिला है। आरोपियों ने हुक्का बार संचालक का नाम गौतमपल्ली निवासी आलोक यादव बताया। दरोगा सुरेंद्र कुमार की तहरीर पर सोमवार को तीनों के खिलाफ गौतमपल्ली थाने में एफआईआर दर्ज की गई।