गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ को मॉडल सिटी बनाने और लड़कियों के लिए केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए आउटर रिंग रोड बनेगी और गोमतीनगर टर्मिनल जल्द शुरू होगा।
राजधानी के विभिन्न हिस्सों से मिलने आए लोगों को राजनाथ ने आश्वस्त किया कि एक आदर्श महानगर के लिए जो भी जरूरी है वह किया जाएगा।
कुछ लोगों ने राजनाथ के सामने राजधानी में बालिकाओं के लिए एक विशिष्ट उच्च शिक्षण संस्थान की आवश्यकता रखी।
राजनाथ ने बताया कि वह कोशिश कर रहे हैं कि यहां पर एक केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित किया जाए।
उन्होंने राजधानी में आईटी पार्क के निर्माण और गोमती नदी की सफाई का भी काम जल्द से जल्द शुरू कराने की बात कही।
लखनऊ के बाहर 80 किमी. रिंग रोड बनेगी और नालों की सफाई और राजधानी के रेलवे स्टेशनों व बस स्टेशनों को साफ-सुथरा बनाया जाएगा।
निजी विद्यालयों के शिक्षक व संचालकों के अलावा तकनीकी शिक्षा देने वाले संस्थानों के शिक्षक व छात्र भी अलग-अलग राजनाथ से मिले।
लखनऊ के नवाबों की संस्था रॉयल फेमिली ऑफ अवध का प्रतिनिधि मंडल भी राजनाथ सिंह से मिला।
शिकोह आजाद के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधि मंडल ने केंद्रीय गृहमंत्री से वसीका (राज्य परिवारों को दी जा रही सम्मान धनराशि) बढ़वाने की मांग की।